कुसमुंडा संवाददाता – गुरदीप सिंह
कुसमुंडा के आदर्श नगर में मां शेरावाली मंदिर में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही श्रद्धालु बड़ी संख्या में माता के दर्शन करने मंदिर पहुंच रहे हैं और माता रानी के दरबार में अपनी मनोकामनाओं के साथ आगे बढ़ रहे हैं। पूरा इलाका भक्ति और श्रद्धा के माहौल में डूबा हुआ है, और हर तरफ “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण गूंज रहा है।

मंदिर के अध्यक्ष विकेश झा ने बताया कि घी की ज्योति प्रज्वलित की गई है और श्रद्धालु अपनी-अपनी मनोकामनाओं के साथ ज्योत जलाकर माता रानी से अपने परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। नवरात्रि के दौरान सुबह से देर रात तक भक्तों का ताता लगता रहा और दर्शन के लिए लंबी कतारें भी देखी गईं।
इस बार मंदिर की भव्य सजावट विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। पूरे परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और दीपों से सजाया गया है, जिससे मंदिर की सुंदरता और भी बढ़ गई है। शाम होते ही मंदिर जगमगा उठता है और भक्तों के लिए एक आध्यात्मिक अनुभूति का माहौल तैयार हो जाता है।
चैत्र नवरात्रि के इस पावन अवसर पर आदर्श नगर का मां शेरावाली मंदिर एक बार फिर आस्था, श्रद्धा और भक्ति का प्रमुख केंद्र बन गया है, जहां श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं को लेकर माता रानी के दरबार में पहुंच रहे हैं और दिव्य आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।







