Home कोरबा 1 अप्रैल को सक्ती में गूंजेगा जननायक महंत का नाम, भव्य कार्यक्रम...

1 अप्रैल को सक्ती में गूंजेगा जननायक महंत का नाम, भव्य कार्यक्रम की तैयारियां पूरी

10
0
बरपाली संवाददाता – मोहन वैष्णव
सक्ती। छत्तीसगढ़ की पावन माटी को गौरवान्वित करने वाले जननायक स्वर्गीय बिसाहू दास महंत की 102वीं जयंती के अवसर पर 1 अप्रैल 2026 को सक्ती नगर में भव्य श्रद्धांजलि सभा एवं स्मृति कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर पूरे जिले में उत्साह का माहौल है और आयोजन समिति द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति जिला उपाध्यक्ष पंडित बलराम पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि 1 अप्रैल, बुधवार को सक्ती नगर के हटरी रोड स्थित स्व. बिसाहू दास महंत उद्यान में यह कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी एवं आम नागरिक शामिल होकर स्व. महंत को श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की जा रही हैं। आयोजन स्थल पर मंच सज्जा, बैठक व्यवस्था, पेयजल, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। साथ ही कार्यक्रम के दौरान स्व. बिसाहू दास महंत के जीवन, उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान तथा उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव एवं जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पदाधिकारी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
पंडित पाण्डेय ने आगे बताया कि इस आयोजन में कांग्रेस के विभिन्न प्रकोष्ठों—महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, किसान कांग्रेस, एनएसयूआई सहित सभी संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से स्व. महंत के विचारों और उनके संघर्षमय जीवन से नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का प्रयास किया जाएगा।
आयोजन समिति ने जिलेवासियों से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस श्रद्धांजलि सभा को सफल बनाएं और जननायक स्व. बिसाहू दास महंत को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here