दंतेवाडा संवाददाता – रिकेश्वर राणा
दंतेवाड़ा – दंतेवाड़ा जिले के ग्राम दुगेली के इमली पारा में एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। लाल नाले में डूबने से 15 वर्षीय एक बालक की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, बालक बीते दिन दोपहर करीब 12 बजे अपने छोटे भाई-बहनों के साथ नाले में मछली पकड़ने गया था। खेल-खेल में वह कब गहरे पानी में चला गया, किसी को पता ही नहीं चला। साथ गए छोटे बच्चों को भी यह समझ नहीं आया कि उनका बड़ा भाई पानी में डूब चुका है।
जब देर तक बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। पिता ने खोजबीन शुरू की, जहां नाले किनारे बालक के कपड़े मिले। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से बड़े स्तर पर तलाश अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद देर शाम बालक का शव नाले से बरामद किया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मार्च्यूरी में रखवाया गया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपा जा रहा है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।







