सरगुजा संवाददाता – अजय गौतम
अंबिकापुर से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां मामूली विवाद ने दोस्ती को खून में बदल दिया। एक युवक ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी और शव को घर के अंदर दफना दिया। हैरानी की बात यह है कि घटना के 8 दिनों बाद आरोपी खुद थाने पहुंचा और पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र के भगवानपुर खुर्द लोहार पारा का है। जानकारी के मुताबिक, 24 मार्च की रात आरोपी मिथलेश कुजूर के घर उसका दोस्त बृजलाल अगरिया आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि मिथलेश ने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर अपने दोस्त की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने अपनी पत्नी के साथ मिलकर शव को घर के अंदर ही दफना दिया।
बताया जा रहा है कि घटना के बाद आरोपी लगातार डर और तनाव में जी रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि उसे मृतक की आत्मा का डर सता रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गया था। आखिरकार, घटना के 8 दिन बाद वह खुद थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी।
अमित सोनी, पड़ोसी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम और तहसीलदार की मौजूदगी में घर के अंदर दफन शव को बाहर निकाला गया।
करीब 9 दिन बाद सामने आए इस हत्याकांड में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने आरोपी और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।







