जांजगीर चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
पुण्य सलिला हसदेव एवं कांसा-कंचन कोसा की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से अलंकृत चांपा शहर एक बार फिर गौरव के क्षणों का साक्षी बना, जब छत्तीसगढ़ पुलिस में सब-इंस्पेक्टर पद पर प्रशिक्षण पूर्ण कर लौटे लोहार पारा चांपा निवासी पुष्पेन्द्र जायसवाल का भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। उनके नगर आगमन पर बाजे-गाजे, पुष्पवर्षा और माल्यार्पण के साथ नागरिकों ने हर्षोल्लास से उनका अभिनंदन किया।

पुष्पेन्द्र जायसवाल की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे चांपा शहर को गौरवान्वित किया है। उल्लेखनीय है कि वे पूर्व में आईटीआई कोरबा में छात्रावास अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे। अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस में सब-इंस्पेक्टर पद हेतु चयन प्राप्त किया। चयन उपरांत उन्होंने रायपुर में एक वर्ष का विभागीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया और सोमवार को प्रशिक्षण पूर्ण कर अपने नगर चांपा लौटे।
पुष्पेन्द्र जायसवाल, राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक राजेन्द्र जायसवाल एवं श्रीमती कामिनी जायसवाल के सुपुत्र हैं। उनकी सफलता ने यह सिद्ध कर दिया कि समर्पण और परिश्रम से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। वे आज क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा के सशक्त स्तंभ बनकर उभरे हैं।

स्वागत समारोह में परिवारजनों, मित्रों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति रही। सभी ने पुष्पमाला, गुलदस्ते एवं शुभकामनाओं के साथ उनका अभिनंदन करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ रविन्द्र द्विवेदी, प्रांतीय मंत्री भुवनेश्वर देवांगन, सचिव लक्ष्मी तिवारी, प्रदीप श्रीवास, विजय थवाईत जय तिवारी सहित नगर एवं वार्ड निवासी अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।







