Home कोरबा कुआँ भट्ठा कोरबा बना आस्था का केंद्र: वैदिक मंत्रोच्चार, भव्य हवन-पूजन और...

कुआँ भट्ठा कोरबा बना आस्था का केंद्र: वैदिक मंत्रोच्चार, भव्य हवन-पूजन और भंडारे के साथ श्रद्धा-भक्ति में सराबोर होकर मनाई गई हनुमान जयंती

14
0

बरपाली संवाददाता – मोहन वैष्णव

कोरबा (छत्तीसगढ़)। श्री वैष्णव विकास समिति, कोरबा के तत्वावधान में कुआँ भट्ठा स्थित श्री हनुमान मंदिर प्रांगण में आज हनुमान जयंती अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस पावन अवसर पर सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा और पूरा क्षेत्र “जय श्रीराम” व “जय बजरंगबली” के जयघोष से गूंज उठा, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकाल भगवान श्री हनुमान जी की विशेष पूजा-अर्चना से हुआ। इसके पश्चात संजू जी महाराज (तुमान वाले) के सानिध्य में वैदिक रीति-रिवाजों और मंत्रोच्चार के बीच विधिवत हवन एवं पूजन संपन्न कराया गया। हवन कुंड में आहुति देते हुए श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। पूरे अनुष्ठान के दौरान मंत्रों की गूंज और धूप-दीप की सुगंध ने वातावरण को दिव्य बना दिया।
धार्मिक आयोजन के अंतर्गत भजन-कीर्तन का भी भव्य आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय भजन मंडलियों द्वारा एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए गए। भक्तजन भजनों की धुन पर झूमते नजर आए और पूरा परिसर भक्ति रस में डूब गया। महिलाओं, बुजुर्गों एवं युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई, जिससे आयोजन और अधिक भव्य एवं सफल बना।
इसके पश्चात विशाल भोग-भंडारा का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। समिति के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखते हुए सेवा भाव से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं की विशेष उपस्थिति रही। आयोजन के सफल समापन पर श्री वैष्णव विकास समिति के पदाधिकारियों ने सभी सहयोगियों, दानदाताओं एवं उपस्थित श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इसी प्रकार सभी के सहयोग और आस्था से ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा और एकता का संदेश देते रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here