सोमन साहू –
ग्राम बिरकोनी में आयोजित श्री मारुति महायज्ञ के चतुर्थ दिवस पर श्री परशुराम पुरोहित परिषद को सशक्त एवं संगठित बनाने हेतु एक महत्वपूर्ण आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिरकोनी सहित आसपास के क्षेत्रों—झलप, पटेवा, लखनपुर, महासमुंद एवं आरंग से बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग, विशेषकर पुरोहित कर्म से जुड़े विद्वानजन उपस्थित रहे।
यज्ञ में उपस्थित सभी पुरोहितों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि परिषद को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी एकजुट होकर कार्य करेंगे तथा ज्ञानवर्धक एवं धर्म से जुड़े कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे। धर्म के प्रति आस्था रखते हुए उसके प्रचार-प्रसार को परिषद का मुख्य उद्देश्य बताया गया।
इस दौरान यज्ञ करना एवं करवाना, जजमानों के साथ समन्वय स्थापित करना, मंदिरों में प्राण-प्रतिष्ठा एवं देवालयों के संरक्षण-संवर्धन सहित जीर्णोद्धार कार्यों को भी प्राथमिकता देने पर विशेष चर्चा की गई। सभी उपस्थित जनों ने संकल्प लिया कि धर्म कार्यों को निरंतर गति प्रदान करते हुए समाज को एकजुट करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने श्री हनुमान जी की कृपा से इस आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए साधुवाद व्यक्त किया।
परिषद के संस्थापक पं. राजपुरोहित अविनाश शर्मा द्वारा निरंतर प्रयास कर समाज के लोगों को जोड़ने के कार्य की सराहना की गई, जिन्हें सभी ने साधुवाद का पात्र बताया।
उपस्थित पदाधिकारी एवं सदस्यगण:
अध्यक्ष पं. ध्रुव नारायण शुक्ला, सचिव पं. राजेश शर्मा, सलाहकार/संरक्षक: पं. नरेंद्र द्विवेदी,
कार्यकारिणी सदस्य: पं. योगेश तिवारी, पं. मोहित तिवारी, पं. शिवा तिवारी, तथा महासमुंद क्षेत्र के पुरोहित पं. पंकज तिवारी, पं. सूर्य प्रकाश तिवारी सहित अन्य पुरोहित पदाधिकारी उपस्थित रहे।
अंत में परिषद द्वारा अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने हेतु सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया, जिससे संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।







