कुसमी बलरामपुर
संवाददाता युसूफ खान
जिले के चान्दों थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंदरी में बीते दिनों हुए सड़क हादसे ने दुखद मोड़ ले लिया। अनियंत्रित बॉक्साइट परिवहन कर रहे ट्रक की चपेट में आए युवक की रांची में इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक के निधन की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार 25 तारीख को ग्राम कंदरी में तेज रफ्तार बॉक्साइट ट्रक ने युवक को अपनी चपेट में ले लिया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की गति काफी तेज थी, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और हादसा हो गया। दुर्घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।

घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल बलरामपुर पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया था। पिछले कई दिनों से युवक का इलाज रांची के एक अस्पताल में चल रहा था, जहां जिंदगी और मौत से जूझते हुए उसने आज दम तोड़ दिया।
इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक के साथ-साथ भारी वाहनों की तेज रफ्तार और बॉक्साइट परिवहन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और अनियंत्रित परिवहन पर रोक लगाने की मांग की है।







