कुसमी बलरामपुर
संवाददाता युसूफ खान
बलरामपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा, बलरामपुर द्वारा छत्तीसगढ़ के नक्सल मुक्त होने की ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में शहीद हुए वीर जवानों की पावन स्मृति में बुधवार को चांदो चौक, बलरामपुर स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि एवं दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया तथा दीप प्रज्वलित कर उनकी शहादत को याद किया। उपस्थित जनों ने देश की सुरक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री ओम प्रकाश जायसवाल, जिला महामंत्री श्री भानु प्रकाश दीक्षित, नगरपालिका अध्यक्ष श्री लोधी राम एक्का सहित वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ का नक्सल मुक्त होना प्रदेश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो शहीद जवानों के साहस, समर्पण और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित में योगदान देने और शहीदों के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया, जहां उपस्थित सभी लोगों ने देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।







