बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
कुसमी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शनिवार को कुसमी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत करकली में कांग्रेस पार्टी के ‘संगठन सृजन’ एवं ‘गांव चलो’ अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में जिला प्रभारी शफी अहमद एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव की विशेष उपस्थिति रही।
बैठक की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई, जहां मंडल अध्यक्षों, पंचायत प्रतिनिधियों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं ने पुष्पहार एवं नारों के साथ अतिथियों का भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने संगठन के प्रति उत्साह और समर्पण को प्रदर्शित किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा जोश देखने को मिला।
जिला प्रभारी शफी अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि “संगठन सृजन” का उद्देश्य केवल पद भरना नहीं, बल्कि मंडल, पंचायत और बूथ स्तर पर मजबूत एवं सक्रिय टीम तैयार करना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर पार्टी की नीतियों और योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता की आधारशिला होती है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर देते हुए कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में हर कार्यकर्ता की अहम भूमिका होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर गांव स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और जनसमस्याओं को प्राथमिकता से उठाने की अपील की।
पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठनात्मक एकता और समर्पण की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की असली ताकत है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही पार्टी को क्षेत्र में नई मजबूती मिलेगी।

इसके अलावा जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष विवेक सिंह देव, शंकरगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष विजय पैकरा, कुसमी संगठन सृजन प्रभारी लालसाय मिंज, जितेंद्र गुप्ता तथा नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र भगत ने भी अपने विचार रखे और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन मुजस्सम नजर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सूरजदेव गुप्ता द्वारा किया गया। बैठक में सामरी मंडल अध्यक्ष खसरू बुनकर, कोरंधा मंडल अध्यक्ष श्रवण गुप्ता, कुसमी मंडल अध्यक्ष पंकज दुबे, वरिष्ठ कांग्रेस नेता फरीद खान, पार्षद वाहिद अली, सरपंच राजेश एक्का सहित नरेंद्र पैकरा, लव कुमार कश्यप, चंद्रू पैकरा, प्यारे हसन, असलम खान, वेदांत भारती, सलमान खान, इमरोज़, अजय यादव एवं अन्य कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस बैठक के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में ठोस रणनीति तैयार की गई। ‘गांव चलो’ अभियान के तहत गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क बढ़ाने और जनसमस्याओं को उठाने पर भी सहमति बनी। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि इस पहल से आने वाले समय में क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी को और अधिक मजबूती मिलेगी







