कोरबा संवाददाता – हेमचंद्र सोनी
दीपका कटघोरा विकासखंड अंतर्गत बेलटिकरी ग्राम पंचायत में लगभग छह माह पूर्व नाली निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया था, जिसे अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण ग्रामवासियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
नाली अधूरी होने के कारण विशेष रूप से समीप स्थित विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को आवागमन में अत्यधिक कठिनाई हो रही है। बरसात और जलभराव की स्थिति में समस्या और भी विकट हो जाती है।
इस संबंध में ग्राम पंचायत के सचिव से कई बार चर्चा की गई, किंतु उनके द्वारा संतोषजनक जवाब देने के बजाय अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्राम पंचायत के उपसरपंच, पंचगण एवं ग्रामवासियों द्वारा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को लिखित एवं मौखिक शिकायत भी प्रस्तुत की गई, परंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

ग्रामीणों के अनुसार, नाली जाम रहने के कारण आसपास दुर्गंध फैल रही है तथा मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई बार राहगीरों के वाहन नाली में फंस चुके हैं। हाल ही में एक कार नाली में फंस गई, जिसे बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। इसके बावजूद पंचायत द्वारा समस्या के समाधान की दिशा में कोई पहल नहीं की जा रही है।
इस मामले को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह द्वारा भी जनपद सीईओ से चर्चा की गई, किंतु अब तक केवल आश्वासन ही प्राप्त हुआ है और जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं हुआ है।
ग्रामीणों ने शीघ्र नाली निर्माण कार्य पूर्ण कराए जाने एवं दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
–







