बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
बीजापुर 06 अप्रैल 2026/ विकासखंड भैरमगढ़ के ग्राम मिरतुर साप्ताहिक बाजार में बीजादूतीर स्वयंसेवकों द्वारा मलेरिया जागरूकता एवं व्यवहार परिवर्तन को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों ने मेगाफोन के माध्यम से ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
स्वयंसेवकों ने स्थानीय हल्बी एवं गोंडी भाषा का उपयोग करते हुए सरल और प्रभावी तरीके से संदेश पहुंचाया, जिससे ग्रामीणों में बेहतर समझ विकसित हुई और वे अधिक जागरूक बने।
अभियान के दौरान लोगों को मच्छरदानी के नियमित उपयोग, आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, ठहरे हुए पानी को हटाने तथा समय पर जांच एवं उपचार कराने के लिए प्रेरित किया गया।
इस पहल से साप्ताहिक बाजार में उपस्थित ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मलेरिया रोकथाम के प्रति सकारात्मक व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।







