बलरामपुर संवाददाता युसूफ खान
बलरामपुर/कुसमी। विकासखंड कुसमी के सेरंगदाग क्षेत्र में संचालित बालाजी मार्बल टाइल्स के बक्साइड खनन कार्य को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। खदान में श्रमिकों की सुरक्षा से खुलेआम खिलवाड़ किए जाने की बात सामने आने के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार खदान में कार्यरत मजदूरों से बिना हेलमेट, बिना सुरक्षा जूते और अन्य आवश्यक सेफ्टी उपकरणों के काम कराया जा रहा है। भारी पत्थरों की लोडिंग और उत्खनन के दौरान श्रमिकों को जोखिम भरे माहौल में काम करना पड़ रहा है। सुरक्षा मानकों का पालन न होने से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि खदान क्षेत्र में किसी भी प्रकार की मेडिकल सुविधा उपलब्ध नहीं है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए प्राथमिक उपचार तक की व्यवस्था नहीं होने से श्रमिकों की जान खतरे में है। वहीं पीने के पानी, विश्राम स्थल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव बताया जा रहा है, जिससे मजदूरों को कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक पिछले दो से तीन वर्षों से खनन कार्य लगातार जारी है, लेकिन सुरक्षा नियमों की अनदेखी की जा रही है। इस मामले में संबंधित विभागों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खदान में सुरक्षा मानकों की जांच कराई जाए और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया, तो एक बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।
अब देखने वाली बात होगी कि जिम्मेदार विभाग इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए क्या कार्रवाई करते हैं







