बस्तर संवाददाता – अर्जुन झा
विहिप नेताओं, सांसदों और विधायकों सहित दिग्गज राजनेताओं ने दी उपस्थिति,भक्तिमय माहौल में हुआ आयोजन
जगदलपुर: आध्यात्मिक चेतना और अटूट श्रद्धा के संगम के साथ बस्तर जिले के ग्राम कुम्हरावंड झरनीगुड़ा में आयोजित त्रि-दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का आज भव्य समापन हुआ। स्थानीय सांसद महेश कश्यप एवं समस्त कश्यप परिवार द्वारा आयोजित इस गरिमामय समारोह में श्री राम भक्त हनुमान जी की नूतन प्रतिमा की ‘प्राण-प्रतिष्ठा’ विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई। इस अवसर पर पूरा क्षेत्र ‘जय श्री राम’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।
तीन दिवसीय अनुष्ठानों की श्रृंखला में प्रथम दिन मंडप प्रवेश एवं जलाभिषेक की प्रक्रिया पूरी की गई। द्वितीय दिन मूर्ति अधिवास और विशेष पूजन विधान के माध्यम से देव शक्तियों का आह्वान किया गया। आज शुभ मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा के साथ ही हवन और पूर्णाहुति दी गई। इस धार्मिक आयोजन की विशेषता यह रही कि इसी शुभ वेला में कश्यप परिवार के तीन बच्चों का ‘नामकरण संस्कार’ भी संपन्न हुआ, जिसने आयोजन को पारिवारिक उत्सव के साथ साथ एक वृहद सामाजिक उत्सव में बदल दिया।
इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ की राजनीति और समाज सेवा से जुड़े कई महत्वपूर्ण चेहरों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। समारोह में विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री अंबरीश सिंह,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे, दुर्ग सांसद विजय बघेल,महासमुंद सांसद रुपकुमारी चौधरी,कांकेर सांसद भोजराज नाग और जांजगीर चांपा सांसद कमलेश जांगड़े,छत्तीसगढ़ बेवरेज कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी,भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जी. वेंकटेश राव, पूर्व महापौर गीतेश मल्ल और युवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष कमलचंद्र भंजदेव ने भगवान हनुमान के दर्शन किए और पूजा अर्चना में भाग लिया।
पूर्णाहुति के पश्चात भव्य ‘महाप्रसाद’ का शुभारंभ हुआ। सांसद महेश कश्यप और उनके परिवार ने स्वयं उपस्थित रहकर आगंतुक मेहमानों और क्षेत्र की देवतुल्य जनता का स्वागत किया। इस दौरान हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। सांसद श्री कश्यप ने कहा कि कुल देवी माँ की असीम कृपा और क्षेत्रवासियों के स्नेह से ही यह पुनीत कार्य सफल हो सका है। कार्यक्रम के अंत में कश्यप परिवार ने दूर दराज से आए सभी संतों, नेताओं और ग्रामवासियों का हृदय से आभार व्यक्त कर स्मृति चिन्ह भेंट की l
कार्यक्रम में भाजपा के बस्तर लोकसभा के समस्त जिला स्तरीय पदाधिकारी,मंडल कार्यकर्ता, जिला पंचायत,जनपद एवं ग्राम पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न समाजों और संगठनों के प्रतिनिधियों की भारी उपस्थिति रही।







