टोकन के बावजूद नहीं मिला धान का भुगतान, समिति कर्मचारी पर अभद्रता का आरोप
कुसमी बलरामपुर
संवाददाता युसूफ खान
कुसमी। विकासखंड कुसमी अंतर्गत धान मंडी कुसमी में एक किसान ने भुगतान नहीं मिलने और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को लिखित शिकायत सौंपी है। मामले में किसान ने न्याय की मांग करते हुए गंभीर मानसिक तनाव की बात कही है।
शिकायत के अनुसार, ग्राम पंचायत खटीमा निवासी किसान महेंद्र राम ने अपने खेत में मोटा धान की फसल लगाई थी। दिनांक 27 जनवरी 2026 को आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के उपार्जन केंद्र (उपकेंद्र कुसमी) में टोकन पर्ची क्रमांक 2030 के माध्यम से धान बिक्री की प्रक्रिया पूरी की गई। किसान का कहना है कि उसने लगभग 120 बोरी (करीब 48 क्विंटल) मोटा धान समिति में जमा किया, लेकिन अब तक उसकी भुगतान राशि नहीं दी गई है।
किसान ने आरोप लगाया कि जब उसने समिति के कर्मचारी यशपाल से भुगतान के संबंध में जानकारी मांगी, तो उसे संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उल्टा कर्मचारी ने कथित रूप से अभद्र व्यवहार करते हुए कहा कि “तुम अपना धान वापस ले जाओ, तुम्हारा भुगतान नहीं होगा, क्योंकि कंप्यूटर में एंट्री नहीं है।”
इस घटना से आहत किसान ने आवेदन में उल्लेख किया है कि वह एक छोटा किसान है और इस प्रकार के व्यवहार से मानसिक रूप से परेशान हो गया है। उसने अपनी स्थिति को गंभीर बताते हुए लिखा कि वह डिप्रेशन में है और उसके साथ कुछ भी हो सकता है।
किसान ने एसडीएम से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने तथा लंबित भुगतान दिलाने की मांग की है।


एसडीएम का बयान
अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) अनमोल टोप्पो ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि शिकायत के आधार पर संबंधितों को नोटिस जारी कर जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की कार्रवाई पर नजर
शिकायत सामने आने के बाद अब प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। किसान सहित क्षेत्रवासियों को जांच रिपोर्ट और भुगतान की स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।







