महासमुंद संवाददाता – अब्दुल रफ़ीक खान
महासमुंद | 11 अप्रैल 2026 प्रदेश के वनमंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार वनों की सुरक्षा और अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन गश्ती अभियान के तहत महासमुंद वनमंडल को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बागबाहरा परिक्षेत्र के अंतर्गत ग्राम चुरकी में वन विभाग की टीम ने अवैध रूप से लकड़ी परिवहन कर रहे एक ट्रक को घेराबंदी कर पकड़ा है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, 10 अप्रैल 2026 को खल्लारी सर्किल के दक्षिण खल्लारी परिसर में विभाग द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान ग्राम चुरकी के पास एक संदिग्ध स्वराज माजदा ट्रक (क्रमांक CG 08/L-0851) को रोककर तलाशी ली गई।
लाखों की बेशकीमती लकड़ी बरामद
वाहन की जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में अवैध लकड़ी लोड पाई गई। विभाग ने मौके से:
* बीजा लकड़ी: 19 नग (1.523 घनमीटर)
* अन्य प्रजाति: 04 नग (0.353 घनमीटर)
* कुल जप्ती: 23 नग बेशकीमती लकड़ी (कुल 1.858 घनमीटर) सहित वाहन को जप्त कर लिया है।
आरंग का आरोपी चालक गिरफ्तार
मामले में वाहन चालक राकेश (पिता गोरेलाल सतनामी), निवासी फरफोद, आरंग (जिला रायपुर) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने वन विभाग के समक्ष अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। विभाग ने आरोपी के विरुद्ध वन अपराध क्रमांक 14402/24 पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही शुरू कर दी है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्यवाही में वन प्रबंधन समिति चुरकी के अध्यक्ष व सदस्यों सहित परिक्षेत्र अधिकारी लोकनाथ ध्रुव, डिप्टी रेंजर मोतीलाल साहू, वन रक्षक कमल यादव, अमित दीवान एवं विवेकानंद क्षेत्रपाल का विशेष योगदान रहा। अधिकारियों का कहना है कि वनों की अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ इस तरह का अभियान आगे भी जारी रहेगा।







