कुसमुंडा संवाददाता – गुरदीप सिंह
कुसमुंडा कोयला खदान में दिनांक 20.06.2026 को रात्रि पाली (Night Shift) के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में डंपर ऑपरेटर सत्यनारायण का असामयिक निधन हो गया। डंपिंग कार्य के दौरान अचानक डंपर स्लाइड कर जाने के कारण यह दुर्घटना हुई, जिसमें उन्होंने अपनी जान गंवा दी। इस दुखद घटना से संपूर्ण कोयला श्रमिक जगत में शोक की लहर है।
इस हृदयविदारक हादसे के मद्देनजर 21.06.2026 को शाम को कोयला मजदूर सभा कुसमुंडा क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री अशोक कुमार साहू के अगुवाई में अपने समस्त क्षेत्रीय पदाधिकारियों के साथ केंद्रीय महामंत्री सह जेबीसीसीआई सदस्य श्री नाथूलाल पाण्डेय जी के सानिध्य में दिवंगत श्रमिक सत्यनारायण को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
श्री नाथूलाल पाण्डेय ने खदानों में सुरक्षा मानकों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रबंधन को डंपिंग यार्ड और ओबी डंप (OB Dump) क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए ताकि भविष्य में किसी भी श्रमिक को अपनी जान न गंवानी पड़े। उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग की।
इस दौरान उनके साथ क्षेत्रीय महामंत्री अशोक कुमार साहू, केंद्रीय सचिव सह जे सी सी गेवरा दीपका गिरिजा साहू जी, कोरबा क्षेत्रीय महामंत्री सुरेंद्र मिश्रा जी साथ ही समस्त क्षेत्रीय एवं परियोजना पदाधिकारी तथा यूनियन के सम्मानित सदस्य भारी संख्या में उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की|
शिव मंदिर चौक “हमर कुसमुंडा” विकासनगर में दिवंगत सहकर्मी सत्यनारायण के दुःखद घटना में मौत को शहादत का नाम देते हुए कैंडल प्रज्वलित करते हुए नमन एवं श्रद्धांजलि दिया गया








