रायपुर। राजधानी रायपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। भारी वर्षा के कारण कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया, जबकि निचले क्षेत्रों के कई घरों में भी बारिश का पानी घुस गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।
इस बीच सबसे बड़ी राहत की खबर बगनई नदी से सामने आई, जहां नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से 14 मजदूर बीच धारा में फंस गए। सूचना मिलने पर प्रशासन, एसडीआरएफ और स्थानीय बचाव दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद सभी मजदूरों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बारिश के कारण राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई कॉलोनियों में घरों और दुकानों में पानी घुसने से घरेलू सामान को नुकसान पहुंचा। नगर निगम और प्रशासन की टीमें जल निकासी के कार्य में जुटी हुई हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने, अनावश्यक यात्रा टालने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने भी निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी है।








