रायपुर संवाददाता – रघुराज
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ई20 पेट्रोल की एंट्री हो चुकी है। हर तरफ इस समय इथेनॉल और ई20 पेट्रोल को लेकर जोरदार चर्चा चल रही है। ई20 पेट्रोल का मतलब है कि इसमें अस्सी प्रतिशत शुद्ध पेट्रोल के साथ बीस प्रतिशत तक इथेनॉल मिलाया जाता है।
रायपुर में इस समय ई20 पेट्रोल की कीमत लगभग एक सौ आठ रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बेची जा रही है। वहीं ग्राहकों के पास पेट्रोल के अन्य विकल्प भी मौजूद हैं, जैसे कि ज्यादा पावर वाला एक्सपी पंचानवे पेट्रोल, जिसकी कीमत लगभग एक सौ सोलह रुपये तीस पैसे प्रति लीटर है। इसकी तुलना में ई20 पेट्रोल थोड़ा सस्ता विकल्प साबित हो रहा है।
सस्ता होने के बावजूद लोगों के बीच इस पेट्रोल को लेकर कई तरह की चिंताएं और अफवाहें भी उड़ रही हैं। लोगों में इस बात की चर्चा है कि इस पेट्रोल के इस्तेमाल से गाड़ियों के इंजन खराब हो रहे हैं, इंजन जल्दी घिस रहे हैं और रबर के पार्ट्स को नुकसान पहुंच रहा है। लोग अलग-अलग तरह के वीडियो देखकर और सुनी-सुनाई बातों में आकर परेशान हो रहे हैं। आजकल के दौर में लोग अपनी गाड़ियों और मोबाइल फोन को बेहद संभालकर और प्यार से रखते हैं, ऐसे में सस्ते पेट्रोल के चक्कर में इंजन खराब होने का डर उन्हें सता रहा है। खासकर छत्तीसगढ़ में लोग अपनी गाड़ियों को बीस से तीस साल तक लंबे समय तक इस्तेमाल करते हैं, इसलिए यह डर और अधिक बढ़ गया है। हालांकि इस पेट्रोल से गाड़ी खराब होने के दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
दूसरी तरफ सरकार का इस पेट्रोल को लेकर बिल्कुल अलग तर्क है। सरकार के अनुसार इस ई20 पेट्रोल से पर्यावरण को बहुत बड़ा फायदा पहुंचेगा। इसके साथ ही देश का लाखों-करोड़ों रुपया बचेगा और इसका सीधा लाभ हमारे किसानों को मिलेगा क्योंकि इथेनॉल का उत्पादन कृषि उत्पादों से होता है।







