Home चर्चा में बंद मकान में चोरी का खुलासा: सक्ती पुलिस ने तीन आरोपियों को...

बंद मकान में चोरी का खुलासा: सक्ती पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार, साउंड बॉक्स बरामद

12
0

दीपक ठाकुर/सक्ती। थाना सक्ती पुलिस ने बंद मकान में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत पृथक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सोनी कंपनी का साउंड बॉक्स बरामद कर लिया है, जबकि चोरी की गई नकदी आरोपियों द्वारा खर्च किए जाने की जानकारी मिली है।

ऐसे हुई थी चोरी

पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक 18, स्टेशन पारा सक्ती निवासी नीरज अग्रवाल ने 15 जुलाई 2026 को थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वे 5 जुलाई को परिवार सहित नासिक एवं ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए गए थे। 13 जुलाई को लौटने पर घर का मुख्य ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया तो भीतर के दोनों दरवाजे बंद मिले। संदेह होने पर छत के रास्ते घर में प्रवेश किया, जहां छत का दरवाजा टूटा हुआ मिला।

जांच में पता चला कि दुकान के गल्ले में रखे करीब 3,500 रुपये नकद तथा सोनी कंपनी का साउंड बॉक्स (कीमत लगभग 5,500 रुपये) चोरी हो चुका था। कुल चोरी की गई संपत्ति की कीमत लगभग 9,000 रुपये आंकी गई।

सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता

घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में 9 जुलाई की रात करीब 1:50 बजे एक युवक घर में घुसकर चोरी करते हुए दिखाई दिया। इसके आधार पर थाना सक्ती में मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल (रापुसे) तथा एसडीओपी डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक विधि से संघर्षरत बालक की पहचान की। पूछताछ में उसने अपने साथ दीपक सतनामी, विक्की यादव उर्फ रक्षा यादव, खगेश कुमार यादव उर्फ खोरू तथा एक अन्य विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर छत के रास्ते घर में प्रवेश किया और नकदी व साउंड बॉक्स चोरी कर लिया।

साउंड बॉक्स बरामद, नकदी खर्च

पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर खगेश कुमार यादव उर्फ खोरू के कब्जे से चोरी गया सोनी कंपनी का साउंड बॉक्स बरामद कर जब्त कर लिया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी की गई नकदी वे खर्च कर चुके हैं।

गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने 16 जुलाई 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों में—

  • दीपक सतनामी (20 वर्ष)
  • विक्की यादव उर्फ रक्षा यादव (21 वर्ष)
  • खगेश कुमार यादव उर्फ खोरू (39 वर्ष)

शामिल हैं। तीनों वार्ड क्रमांक 18, स्टेशन पारा, सक्ती के निवासी हैं।

मामले में शामिल विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई के बाद किशोर न्याय बोर्ड, जांजगीर के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में प्रशिक्षु उप निरीक्षक पूजा यादव, सहायक उप निरीक्षक सुरेश पाठक, प्रधान आरक्षक शब्बीर मेमन तथा आरक्षक यादराम चंद्रा, विकास राठौर, भागवत श्रीवास सहित थाना सक्ती स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here