विमल सोनी/बिलासपुर
बिलासपुर नूतन चौक स्थित बाल संप्रेक्षण गृह में सुरक्षा गार्ड नरेंद्र कुमार खाण्डे की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। चौकीदार के हत्या के बाद फरार हुए चार आरोपियों में से एक आरोपी दिनेश राठिया को प्रयागराज से पकड़ लिया गया है, वही अन्य तीन फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम लगातार खोजबीन कर रही हैं। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा। प्रारंभिक जांच के अनुसार, बाल संप्रेक्षण गृह में चौकीदार के रूप में पदस्थ नरेंद्र कुमार खाण्डे 42 वर्ष की रविवार और सोमवार रात हत्या कर दी गई थी। परिजनों का आरोप है कि उनके हाथ-पैर बांधकर उनके साथ मारपीट की गई, गला दबाया गया और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी हत्या की गई। पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना को बाल संप्रेक्षण गृह में बंद चार बंदियों ने अंजाम दिया।

इनमें तीन रायगढ़ और एक कोरबा जिले का निवासी बताया जा रहा है। हत्या के बाद चारों बाल संप्रेक्षण गृह से फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए है वही अब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि एक आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब जांच और तेज कर दी गई है। फरार तीनों आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही सभी आरोपियों को पकड़कर हत्या की पूरी साजिश और वारदात के कारणों का खुलासा किया जाएगा।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी भी होगी जल्द
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया की फरार आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द होगी ।इसके लिए टीम को भेजा गया है।चार टीम में दो टीम ने सफल होकर एक आरोपी को पकड़ा है।जबकि दो टीम झारखंड की तरफ रवाना हुई है।जिसमें आरोपियों की खोजबीन जारी है।
हत्या,लुट और मारपीट के है फरार आरोपी
एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि हत्या करके फरार हुए आरोपी गंभीर अपराधों के शामिल है।जिनके खिलाफ अलग अलग जिले में जुर्म दर्ज है।
पकड़े गए एक आरोपी से पूछताछ जारी है और अन्य लोगो को भी गिरफ्तार करके पूछताछ किया जायेगा,आखिर हत्या करने का कारण क्या था।इसके लिए पुलिस की टीम को लगातार आरोपियों के पीछे लगाया गया है।







