बीजापुर संवाददाता – पुकार बाफना
चिन्हांकन, परीक्षण और मूल्यांकन के बाद पात्र दिव्यांगजनों को उपलब्ध कराए जाएंगे आवश्यक कृत्रिम अंग, प्रशासन ने तैयारियां कीं तेज
जिले के दिव्यांगजनों की शारीरिक समस्याओं को कम करने तथा उनकी गतिशीलता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (समर्थ), एजुकेशन सिटी बीजापुर में 29 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे से जिला स्तरीय कृत्रिम अंग प्रदाय शिविर का आयोजन किया जाएगा।
शिविर में दिव्यांगजनों का विशेषज्ञों द्वारा चिन्हांकन, मूल्यांकन एवं परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण के उपरांत पात्र हितग्राहियों को आवश्यकता के अनुरूप कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी, जिससे उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाया जा सके।
शिविर के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को शिविर स्थल पर मेडिकल बोर्ड की टीम की उपलब्धता सुनिश्चित करने, दिव्यांगजनों का परीक्षण कराने तथा आवश्यकतानुसार मेडिकल प्रमाण-पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी प्रकार जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों, नगर पालिका परिषद बीजापुर के मुख्य नगरपालिका अधिकारी तथा नगर पंचायत भैरमगढ़ एवं भोपालपटनम के मुख्य नगर पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के दिव्यांगजनों को शिविर की जानकारी देने तथा उन्हें शिविर स्थल तक पहुंचाने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी पात्र दिव्यांगजनों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (समर्थ), एजुकेशन सिटी बीजापुर पहुंचकर शिविर का लाभ उठाएं और उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें।







