आरंग संवाददाता – सोमन साहू
आरंग। समाजसेवा और बच्चों के प्रति स्नेह का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अभिनय अग्रवाल ने अपने पुत्र सोहम अग्रवाल के जन्मदिन के अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला एवं शासकीय हाई स्कूल चटोद में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए विशेष न्योता भोज का आयोजन कराया।
इस अवसर पर उन्होंने स्वयं विद्यार्थियों को खीर, पूड़ी, पनीर की सब्जी, चना सब्जी, चावल, दाल, सलाद एवं मिठाई परोसकर जन्मदिन की खुशियां बच्चों के साथ साझा कीं। बच्चों ने भी स्वादिष्ट भोजन का आनंद लेते हुए इस पहल की सराहना की।
भोजन वितरण के दौरान अभिनय अग्रवाल ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि “विद्या ऐसा धन है जिसे कोई चुरा नहीं सकता। शिक्षा ही जीवन में सफलता और सम्मान का सबसे बड़ा आधार है।” उन्होंने बच्चों से नियमित अध्ययन करने, अनुशासन का पालन करने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जन्मदिन जैसे पारिवारिक अवसरों को समाजहित से जोड़ना एक प्रेरणादायी पहल है, जिससे बच्चों में सकारात्मक संदेश जाता है और सेवा की भावना को बढ़ावा मिलता है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मनोज जांगड़े, संकुल समन्वयक कुसुमलता कुर्रे सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सहभागिता निभाई। विद्यालय परिवार ने सोहम अग्रवाल को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







