संवाददाता – विमल सोनी
बिलासपुर। बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सड़क रखरखाव कार्य में लगी एक महिला मजदूर की जान चली गई। रतनपुर थाना क्षेत्र के छोटू ढाबा के पास गिट्टी से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, भरवीडीह निवासी महिमा कोसले (32 वर्ष) नेशनल हाईवे पर सफाई एवं रखरखाव कार्य कर रही थीं। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से आ रहा गिट्टी से लदा ट्रेलर अचानक असंतुलित होकर पलट गया। महिला को संभलने या सुरक्षित स्थान पर जाने का मौका नहीं मिला और वह ट्रेलर के नीचे दब गई। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एसआई विष्णु यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
कुछ देर बाधित रहा यातायात
हादसे के बाद हाईवे पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में क्रेन की सहायता से पलटे ट्रेलर को हटाकर मार्ग को फिर से सुचारु किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों और अन्य मजदूरों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि जिस स्थान पर सड़क की सफाई और रखरखाव का कार्य चल रहा था, वहां वाहन चालकों को सतर्क करने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे। मौके पर न तो उचित बैरिकेडिंग थी और न ही पर्याप्त चेतावनी संकेत लगाए गए थे।
जांच में सामने आएगी लापरवाही की वजह
पुलिस ट्रेलर चालक की भूमिका की जांच के साथ-साथ यह भी पता लगा रही है कि सड़क पर कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







