आरंग संवाददाता – सोमन साहू
चंदखुरी———-: ग्रामीण अंचल में कानून-व्यवस्था और समाज को नई दिशा देने की जिम्मेदारी जिन जन-प्रतिनिधियों पर होती है, जब वही मर्यादा लांघने लगें तो स्थितियां चिंताजनक हो जाती हैं। मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम संकरी में एक ऐसा ही घिनौना मामला प्रकाश में आया है, जहाँ पंचायत के पंच खेमन लाल साहू पर गांव की ही एक 23 वर्षीय विवाहिता के साथ घर में घुसकर जबरदस्ती छेड़छाड़ करने का संगीन आरोप लगा है। पीड़िता की लिखित शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में ग्रामीणों का आक्रोश चरम पर है।थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक, घटना 15 जुलाई की रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता दुकलहिन साहू (बदला हुआ नाम) का पति काम के सिलसिले में रायपुर गया हुआ था। महिला घर पर अपने दो मासूम बच्चों के साथ अकेली थी। इसी सूनेपन का फायदा उठाते हुए आरोपी पंच खेमन लाल साहू बदनीयती के साथ जबरन घर के भीतर दाखिल हो गया। आरोप है कि आरोपी ने महिला को दबोच लिया और उसके साथ जबरदस्ती करने लगा।

पीड़िता ने खुद को लोक-लाज और अस्मत बचाने के लिए कड़ा प्रतिरोध किया और शोर मचाना शुरू कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोस में रहने वाला कुलेश्वर यादव दौड़ते हुए मौके पर पहुंचा, तो पोल खुलने के डर से आरोपी पंच खेमन साहू वहां से नौ दो ग्यारह हो गया। भयभीत पीड़िता ने इसके बाद परिजनों को आपबीती बताई और थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने त्वरित एक्शन लिया है। 17 जुलाई को दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी पंच के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 एवं 332 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही उसे अभिरक्षा में ले लिया जाएगा।इस शर्मनाक वाकये के बाद से ग्राम संकरी सहित चंदखुरी क्षेत्र में भारी जन-आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का साफ तौर पर कहना है कि पंचायत के सम्मानित पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा ऐसी नीच हरकत करना पूरे गांव को कलंकित करने जैसा है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपी को अविलंब गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए।







