कुसमी/बलरामपुर | संवाददाता – युसूफ खान
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुसमी के अध्यक्ष हरीश मिश्रा के नेतृत्व में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इसके बाद महामहिम राष्ट्रपति के नाम अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुसमी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि देशभर में आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं एवं शिक्षा व्यवस्था की कमियों ने लाखों विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित किया है। कांग्रेस ने इसे युवाओं के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए केंद्र सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।

ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं और शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं पर संसद में विस्तृत चर्चा कराने तथा दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही नई दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों और प्रदर्शनकारियों के विरुद्ध दर्ज एफआईआर एवं अन्य प्रकरण वापस लेने की भी मांग की गई।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए नीरज तिवारी ने कहा कि देश के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय परीक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है तथा कांग्रेस विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष हरीश मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र भगत, सरपंच संघ ब्लॉक अध्यक्ष संतोष इंजीनियर, मंडल अध्यक्ष पंकज दुबे, खसरू बुनकर, युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष दीपक बुनकर, महासचिव वेदांत भारती, उपाध्यक्ष मुदस्सिर इराक़ी, प्रदेश महासचिव पूर्णिमा सेमरिया, पीसीसी सदस्य सोनू अली, रामेश्वर, पार्षद वाहिद अली, अमरनाथ, छत्रपति प्रजापति, यासीन खान, लवकुमार कश्यप, ब्लॉक सचिव विक्रम गुप्ता, लरंग, गौरव कुजूर सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







