सोमन साहू/आरंग। जिला कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में स्थानीय सृजन सोनकर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आरंग में शिक्षा विभाग की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला शिक्षा अधिकारी रायपुर सतीश नायर की अध्यक्षता में आयोजित इस उच्चस्तरीय बैठक में विकासखंड आरंग के समस्त प्राचार्यों एवं संकुल समन्वयकों ने सहभागिता की। बैठक के प्रारंभ में जिला शिक्षा अधिकारी सतीश नायर ने आरंग विकासखंड द्वारा पूरे जिले में सर्वश्रेष्ठ बोर्ड परीक्षा परिणाम हासिल करने पर हर्ष व्यक्त करते हुए बीईओ शर्मा व प्राचार्यों, समन्वयकों एवं शिक्षकों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आरंग का यह उत्कृष्ट प्रदर्शन वहां के शैक्षणिक स्टाफ के अथक परिश्रम, अनुशासित दिनचर्या और विद्यार्थियों के प्रति समर्पण का सीधा परिणाम है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि इस उपलब्धि को बनाए रखना और आगामी सत्र में इसे नया आयाम देना ही हमारा मुख्य ध्येय होना चाहिए।
समीक्षा बैठक के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने ‘मिशन उत्कर्ष’ योजना की बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने कक्षाओं में ‘यू-शेप’ बैठक व्यवस्था लागू करने, छात्र-छात्राओं में भाषाई एवं गणितीय दक्षता विकसित करने, और प्रयोगशालाओं के नियमित रख-रखाव पर विशेष बल दिया। शैक्षणिक माहौल को और बेहतर बनाने के लिए उन्होंने नियमित होमवर्क देने, कापियों की समय पर व सटीक जांच करने, शिक्षकों द्वारा डेली डायरी संधारण और ‘ऑपरेशन घंटी’ के प्रभावी क्रियान्वयन को अनिवार्य बताया। इसके अतिरिक्त, विद्यालयों में सुरक्षित पेयजल, निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक मध्याह्न भोजन, बच्चों की सुरक्षा, जर्जर भवनों की तत्काल जानकारी प्रेषित करने तथा नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा के लिए शत-प्रतिशत पात्र बच्चों के फार्म भरवाने हेतु कड़े निर्देश दिए गए। प्रशासनिक एवं डिजिटल पारदर्शिता पर बात करते हुए उन्होंने यू-डाइस प्रोग्रेशन, मर्ज शालाओं के एकीकरण की प्रगति, छात्रवृत्ति वितरण, वीएसके एप के माध्यम से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने और ऑनलाइन अवकाश प्रक्रिया का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने की हिदायत दी।
कार्यक्रम में उपस्थित विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा ने जिला शिक्षा अधिकारी को आरंग विकासखंड की शैक्षणिक गतिविधियों एवं प्रगति की विस्तृत जानकारी दी। अपने प्रभावी उद्बोधन में विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश शर्मा ने कहा कि आरंग विकासखंड को जिले में प्रथम स्थान पर पहुंचाना पूरे विकासखंड परिवार के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल है। उन्होंने उपस्थित सभी प्राचार्यों और संकुल समन्वयकों का आह्वान करते हुए कहा कि हमें इस स्वर्णिम सफलता से संतुष्ट होकर रुकना नहीं है, बल्कि शासन की मंशा और जिला प्रशासन के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए आरंग को पूरे प्रदेश में एक मॉडल विकासखंड के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने सभी संकुल प्राचार्यों को अपने-अपने क्षेत्रों के शालाओं का नियमित निरीक्षण करने और शिक्षण स्तर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प दिलाया। इस समीक्षा बैठक ने आरंग के शैक्षणिक तंत्र में एक नई ऊर्जा और कार्य-संस्कृति का संचार किया है।
इस अवसर पर डीएमसी अरुण शर्मा, एपीसी पूनम तिवारी व निशा शर्मा आदि व सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी लाखेश्वर रात्रे, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सुरेंद्र सिंह चंद्रसेन सहित समस्त प्राचार्य एवं सभी संकुल समन्वयक प्रहलाद शर्मा ,हरीश दीवान,जितेंद्र शुक्ला ,मनोज मुछावर,अभिषेक तिवारी आदि एवं शिक्षक महेंद्र पटेल ,अरविंद वैष्णव आदि की उपस्थिति रही।







