Home चर्चा में पूर्व मंत्री एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय बिसाहू दास महंत जी की...

पूर्व मंत्री एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय बिसाहू दास महंत जी की 48वीं पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित

4
0
पेंड्रा संवाददाता दीपक कश्यप
पेंड्रा, 23 जुलाई।
पूर्व मंत्री, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं जननायक स्वर्गीय बिसाहू दास महंत जी की 48वीं पुण्यतिथि के अवसर पर पेंड्रा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने स्वर्गीय बिसाहू दास महंत जी के बहुआयामी व्यक्तित्व एवं जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन प्रदेश, समाज और देश की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्हें छत्तीसगढ़ के विकास का स्वप्नदृष्टा, बांगो बांध परियोजना के शिल्पकार तथा कोसा उत्पादन को नई पहचान दिलाने वाले जननेता के रूप में सदैव स्मरण किया जाएगा। उनके दूरदर्शी नेतृत्व का लाभ आज भी प्रदेश की जनता को मिल रहा है।
  
नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष श्री राकेश जालान ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि स्वर्गीय बिसाहू दास महंत जी का व्यक्तित्व केवल एक राजनेता तक सीमित नहीं था, बल्कि वे जन-जन के नेता, विकास पुरुष और समाज के अंतिम व्यक्ति के हितों के लिए संघर्ष करने वाले कर्मयोगी थे। उन्होंने कहा कि “स्वर्गीय बिसाहू दास महंत जी ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर जनसेवा तक अपने जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्र और समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके द्वारा स्थापित विकास की आधारशिला, किसानों, मजदूरों, गरीबों और आम जनता के हित में लिए गए निर्णय तथा छत्तीसगढ़ के विकास के लिए उनकी दूरदर्शी सोच आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्श, सादगी, ईमानदारी और जनसेवा का भाव आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। हम सभी का दायित्व है कि उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज और प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएँ।”
कार्यक्रम में उपस्थित सभी वक्ताओं ने स्वर्गीय बिसाहू दास महंत जी के योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर मरवाही के पूर्व विधायक के.के. धुरू, प्रदेश संयुक्त सचिव मनोज गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष उत्तम वासुदेव, अशोक शर्मा, सुखदेव ग्रेवाल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास, मरवाही ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष दया वाकरे, जयदत्त तिवारी, बेचू अहिरेस, नफीस खान, सादिक खान, शंकर पटेल, आमीर अली,जलेश सिंह, प्रेमवती कोल, मैकू भारिया, आयुष मान शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन स्वर्गीय बिसाहू दास महंत जी के प्रति दो मिनट का मौन रखकर तथा उनके बताए आदर्शों पर चलने के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here