विमल सोनी/बिलासपुर। थाना रतनपुर क्षेत्र में नाबालिग बालिका से छेड़छाड़ के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद ली।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 08 जुलाई 2026 को ग्राम खैरा निवासी पीड़िता ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि सुबह करीब 6:30 बजे वह घर के पीछे नीलगिरी प्लॉट में दिशा मैदान के लिए गई थी। वापस लौटते समय एक अज्ञात व्यक्ति पीछे से आया और बुरी नीयत से उसके साथ मारपीट करते हुए जमीन पर गिरा दिया। पीड़िता द्वारा शोर मचाने पर आरोपी अपने पिकअप वाहन से मौके से फरार हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा वाहन नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की।
पुलिस ने आरोपी विजय कुमार साहू पिता शिवकुमार साहू (26 वर्ष), निवासी सिरगिट्टी थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक देवकी रावटे, आरक्षक बलदेव सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







