Home चर्चा में मारपीट में गंभीर रूप से घायल मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की...

मारपीट में गंभीर रूप से घायल मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की इलाज के दौरान मौत

6
0
पेंड्रा संवाददाता दीपक कश्यप
पुलिस की त्वरित कार्रवाई—दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
थाना पेंड्रा क्षेत्र अंतर्गत चौकी कोटमी के ग्राम माटियाडाड़ में मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की उपचार के दौरान मृत्यु हो जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
घटना के संबंध में मृतक की बहन बृहस्पतिया बाई द्वारा पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट के अनुसार, उनका भाई रामकुमार चौधरी मानसिक रूप से अस्वस्थ था, हालांकि वह अपने परिचित लोगों को पहचानता था। दिनांक 29 जुलाई 2026 की सुबह करीब 06:00 बजे गांव के ही राजकमल उर्फ गोपी चौधरी एवं परमेश्वर प्रसाद चौधरी रामकुमार के घर पहुंचे और उसके द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगे। इस दौरान मृतक की बहन द्वारा दोनों को समझाइश देकर शांत कराया गया तथा वह खेत की ओर चली गई।
बाद में खेत से वापस लौटने पर परिजनों ने देखा कि दोनों आरोपियों द्वारा रामकुमार चौधरी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई तथा हाथ-मुक्कों एवं पत्थर से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। मारपीट में रामकुमार के सिर, चेहरे, हाथ एवं पैरों में गंभीर चोटें आईं। परिजनों द्वारा तत्काल घायल को उपचार हेतु जिला अस्पताल गौरेला ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना पेंड्रा एवं चौकी कोटमी पुलिस द्वारा मामले में त्वरित कार्रवाई की गई। घायल की उपचार के दौरान मृत्यु होने पर प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) सहित अन्य सुसंगत धाराएं जोड़ी गईं।
पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त पत्थर को जब्त किया गया है। प्रकरण में नामजद आरोपी—
1. राजकमल उर्फ गोपी चौधरी, उम्र 26 वर्ष
2. परमेश्वर प्रसाद चौधरी, उम्र 29 वर्ष निवासी मटियाडाड
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय पेंड्रारोड के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोज कुमार खिलारी ने कहा कि जिले में अपराध एवं कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here