सारंगढ़ संवाददाता अशोक मनहर
पेड्रावन–सरसभांठा–बालपुर सड़क, स्वामी आत्मानंद स्कूल भवन और किसानों के लंबित मुआवजे को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सारंगढ़-बिलाईगढ़। क्षेत्र की वर्षों पुरानी मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्राम पंचायत सरसभांठा एवं बालपुर के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि 15 अगस्त 2026 तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो 17 अगस्त 2026 से ग्रामीण लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेंगे।
ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग पेड्रावन–सरसभांठा–बालपुर–कोसिर मार्ग के लगभग 7 किलोमीटर लंबे जर्जर सड़क मार्ग का निर्माण है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बरसात के दिनों में कीचड़ और जलभराव के कारण स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और आम लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। उन्होंने स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने तथा तब तक सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
दूसरी प्रमुख मांग बालपुर स्थित स्वामी आत्मानंद हायर सेकेंडरी स्कूल के भवन निर्माण से जुड़ी है। ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय भवन के लिए शासन से 1 करोड़ 21 लाख 16 हजार रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। इसके कारण 500 से अधिक छात्र-छात्राओं को असुविधाजनक परिस्थितियों में पढ़ाई करनी पड़ रही है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य के दौरान बनाए गए पुल के बाद निर्माण अधूरा छोड़ दिया गया था। वहीं, बायपास सड़क निर्माण से प्रभावित किसानों का मुआवजा भी एसडीएम कार्यालय में लंबित है। ग्रामीणों ने प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा राशि वितरित कर सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि यदि 15 अगस्त तक उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ, तो 17 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन के साथ पंचायत प्रस्ताव, जर्जर सड़क की तस्वीरें तथा विद्यालय भवन की स्वीकृति से संबंधित दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं।







