जांजगीर-चांपा संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
चांपा। श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव 2026 के आयोजन को लेकर यादव समाज की प्रथम बैठक यादव मोहल्ला, बरपाली चांपा में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 3 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी। रैली का शुभारंभ गांधी भवन चांपा से होगा, जो चांपा-जांजगीर नगर का भ्रमण करते हुए कचहरी चौक, जांजगीर में पहुंचकर संपन्न होगी। बाइक रैली के माध्यम से समाज के युवाओं में एकता, सामाजिक सहभागिता एवं भगवान श्रीकृष्ण के प्रति आस्था का संदेश दिया जाएगा।
इसके पश्चात शाम 5 बजे गांधी भवन चांपा में विभिन्न सांस्कृतिक एवं सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में राधा-कृष्ण रूप सज्जा, मटकी सज्जा एवं झूला सज्जा जैसी प्रतियोगिताएं एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। साथ ही कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि श्री कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के पूर्व अगस्त माह में युवाओं के लिए यादव प्रीमियर लीग (YPL) का आयोजन पावर-प्ले टर्फ, चांपा में किया जाएगा। क्रिकेट प्रतियोगिता के माध्यम से समाज के युवाओं को खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलने के साथ आपसी भाईचारे और सामाजिक एकजुटता को भी बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में समाज के लोगों ने जन्माष्टमी महोत्सव को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की तथा अधिक से अधिक सामाजिक सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर जीवन यादव, सुभाष यादव, राजेश अहीर, विद्याभूषण गोपाल (मोंटो), आशुतोष गोपाल, अजय यादव (जिला उपाध्यक्ष), गणेश यादव, पवन यादव, विनोद यादव, महेंद्र गोपाल (रिंकू), शुभम यादव सहित यादव समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता के संदेश के साथ इस वर्ष का जन्माष्टमी महोत्सव चांपा-जांजगीर क्षेत्र में विशेष आकर्षण का केंद्र बनने की उम्मीद है।







