-विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने हाथ में तिरंगा थामकर किया नेतृत्व, भारत माता के जयकारों से गूंजा पूरा नगर; स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
युसूफ खान/कुसमी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को कुसमी नगर में भव्य और विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा सहित हजारों स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में लहराता तिरंगा और देशभक्ति के नारों से पूरा कुसमी नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में डूबा नजर आया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ विकासखंड शिक्षा कार्यालय से हुआ। यहां से यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्थानीय बस स्टैंड पहुंची।r यात्रा के दौरान विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने स्वयं हाथ में तिरंगा लेकर बच्चों एवं नागरिकों के साथ कदम से कदम मिलाया। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ती गई, इसमें शामिल लोगों की संख्या भी बढ़ती गई। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया।

पूरे रास्ते ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘जय हिंद’ जैसे गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान रहा। हजारों बच्चों के हाथों में तिरंगा और उनके चेहरे पर देशभक्ति का उत्साह देखते ही बन रहा था। यात्रा में शामिल लोगों ने देश की एकता और अखंडता का संदेश देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को याद किया।
तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक : विधायक पैकरा
यात्रा के समापन अवसर पर बस स्टैंड में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, गौरव और करोड़ों भारतीयों की भावनाओं का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें लाखों वीरों के संघर्ष और बलिदान से मिली है। हमें उनके बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रत्येक घर में तिरंगा फहराया जाए और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाया जाए। विधायक ने युवाओं से देश सेवा को अपना दायित्व मानने और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया।
एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देती है तिरंगा यात्रा : हीरामुनी
जिला पंचायत अध्यक्ष हीरामुनी ने कहा कि तिरंगा यात्रा लोगों के भीतर राष्ट्रप्रेम की नई ऊर्जा का संचार करती है। इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को देश के इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर अपने क्षेत्र और देश के विकास में योगदान देना चाहिए।
भेदभाव भूलकर एक सूत्र में बंधने की प्रेरणा देता है तिरंगा : रामकिशुन सिंह
अपेक्स बैंक अध्यक्ष रामकिशुन सिंह ने कहा कि तिरंगा देशवासियों को आपसी भेदभाव भुलाकर एकता के सूत्र में बंधने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्रीय पर्व में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाने की अपील की।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
भव्य तिरंगा यात्रा में कुसमी जनपद अध्यक्ष बसंती भगत, जनपद उपाध्यक्ष अशोक सोनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि टोप्पो, एसडीएम अनमोल विवेक टोप्पो, तहसीलदार रॉकी एक्का, सीईओ मुन्ना लाल धुर्वे सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी शामिल हुए।
इसके अलावा प्रवीण अग्रवाल, शिवनाथ जायसवाल, विनोद गुप्ता, केदार गुप्ता, उमेश्वर ओझा, प्रदीप गुप्ता, इंद्रदेव निकुंज, पारसपाल, राकेश भारती, लक्ष्मण पैकरा, राजा गुप्ता, राजेश्वर गुप्ता, उमेश बुनकर, देवसाय भगत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, भारी संख्या में स्कूली बच्चे, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
राष्ट्रगान के साथ हुआ समापन
तिरंगा यात्रा के दौरान प्रशासन और पुलिस द्वारा सुरक्षा एवं यातायात की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। पूरी यात्रा शांतिपूर्ण, अनुशासित और गरिमामय ढंग से संपन्न हुई। समापन अवसर पर सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। राष्ट्रगान के दौरान पूरा माहौल देशभक्ति से सराबोर हो गया।
कुसमी में निकली इस विशाल तिरंगा यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले नगर में राष्ट्रप्रेम और एकता का ऐसा संदेश दिया, जिसने बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। तिरंगे की शान में उमड़ा जनसैलाब पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।







