पुकार बाफना/बीजापुर –
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पूरे बस्तर संभाग में राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए ऐतिहासिक ‘बस्तर तिरंगा यात्रा 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस यात्रा के दौरान आज क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों—उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा जी, वन मंत्री श्री केदार कश्यप जी, और बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप जी से एक विशेष मुलाकात हुई।मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा जी ने बताया कि यह तिरंगा यात्रा बस्तर के उन अंदरूनी और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजर रही है जो कभी माओवाद के प्रभाव में थे। उन्होंने कहा, “यह रैली बस्तर के भयमुक्त होने और यहाँ लौट रही शांति व विकास का जीता-जागता प्रतीक है। अब यहाँ शासन सड़क, शिक्षा, और रोजगार के अवसरों को तेजी से बढ़ा रहा है।”वन मंत्री केदार कश्यप जी ने इस अवसर पर कहा कि बस्तर का हर हाथ आज तिरंगा थामने के लिए बेताब है। उन्होंने जानकारी दी कि यात्रा के दौरान उन पवित्र स्थानों की मिट्टी भी एकत्रित की जा रही है, जहाँ सुरक्षा बलों के जवानों और नागरिकों ने देश के लिए अपनी शहादत दी है, ताकि भविष्य में एक भव्य स्मारक का निर्माण किया जा सके।

वहीं, सांसद महेश कश्यप जी ने इस ऐतिहासिक आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं का यह जोश बस्तर को राष्ट्रनिर्माण की मुख्यधारा से मजबूती से जोड़ रहा है। नेताओं ने इस दौरान शहीदों की स्मृति में चलाए जा रहे “एक पेड़ शहीदों के नाम” अभियान में भी हिस्सा लिया।नेताओं के साथ हुई इस मुलाकात और उनके सकारात्मक विचारों ने यह साफ कर दिया है कि बस्तर अब डर और हिंसा के साए से बाहर निकलकर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ चुका है। इस अभूतपूर्व यात्रा में स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं की भारी भागीदारी बस्तर की नई और बदलती तस्वीर को बयां कर रही है।







