Home चर्चा में हिंडाल्को पर लापरवाही के आरोप: चार माह का भाड़ा अटका, पांचवें दिन...

हिंडाल्को पर लापरवाही के आरोप: चार माह का भाड़ा अटका, पांचवें दिन भी थमे ट्रकों के पहिए; ट्रक मालिकों के समर्थन में उतरी कांग्रेस

28
0
संवाददाता युसूफ खान
कुसमी। कुसमी-सामरी क्षेत्र में बॉक्साइट परिवहन से जुड़े ट्रक मालिकों का बकाया परिवहन भाड़ा भुगतान नहीं होने के विरोध में चल रहा आंदोलन पांचवें दिन भी जारी रहा। चार माह से भुगतान अटके होने का आरोप लगाते हुए ट्रक मालिकों ने परिवहन कार्य पूरी तरह बंद कर दिया है। आंदोलन को अब कांग्रेस का भी समर्थन मिल गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने सामरी पाठ पहुंचकर ट्रक मालिकों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं।
ट्रक मालिकों का कहना है कि लगातार चार माह से भुगतान लंबित होने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। वाहन की बैंक किस्त, डीजल, चालक-परिचालक का वेतन, मरम्मत और अन्य खर्चों का बोझ बढ़ता जा रहा है। ऐसे में भुगतान नहीं मिलने के कारण परिवहन कार्य जारी रखना उनके लिए मुश्किल हो गया है।
भुगतान को लेकर प्रबंधन से सीधी बातचीत
आंदोलन स्थल पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने मोबाइल फोन के माध्यम से हिंडाल्को प्रबंधन से बातचीत कर ट्रक मालिकों के बकाया भुगतान का मुद्दा उठाया। बातचीत के दौरान प्रबंधन की ओर से बताया गया कि जीएनसी कंस्ट्रक्शन कंपनी को जुलाई माह तक का परिवहन भुगतान किया जा चुका है।
इस पर ट्रक मालिकों ने सवाल उठाया कि यदि संबंधित कंपनी को भुगतान किया जा चुका है, तो उनके वाहनों से कराए गए परिवहन का बकाया भाड़ा अब तक क्यों नहीं दिया गया? ट्रक मालिकों ने मांग की कि भुगतान की पूरी प्रक्रिया स्पष्ट की जाए और उनके लंबित भाड़े का तत्काल भुगतान कराया जाए।
कांग्रेस ने कहा— वाहन मालिकों की परेशानी को नजर अंदाज नहीं किया जा सकता
पूर्व सामरी विधायक डॉ. प्रीतम राम सहित कांग्रेस नेताओं ने भी ट्रक मालिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिहर प्रसाद यादव ने कहा कि ट्रक मालिक लंबे समय से भुगतान का इंतजार कर रहे हैं और उनकी मांगों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं तक पहुंचाई जाएगी और जरूरत पड़ी तो सरकार के स्तर पर भी पहल की जाएगी।
जीएनसी कंपनी ने दिया भुगतान शुरू करने का भरोसा
वहीं मामले को लेकर जी.एन.सी. कंपनी के प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह से बातचीत की गई। उन्होंने कहा कि ट्रक मालिकों के साथ समन्वय बनाया जा रहा है। उनके अनुसार सभी का भुगतान कल से शुरू कर दिया जाएगा और जल्द ही समस्या का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
पांचवें दिन भी जारी रहा आंदोलन
ट्रक मालिक संघ ने साफ कर दिया है कि जब तक लंबित परिवहन भाड़े का भुगतान नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। अब पूरे मामले में ट्रक मालिकों की नजर हिंडाल्को प्रबंधन, संबंधित ठेकेदार कंपनी और प्रशासन की अगली पहल पर टिकी हुई है।
आंदोलन के कारण बॉक्साइट परिवहन से जुड़े वाहनों के पहिए थमे हुए हैं। ऐसे में यदि भुगतान को लेकर जल्द समाधान नहीं निकला, तो आंदोलन के और लंबा खिंचने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस दौरान कांग्रेस के जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों में केपी सिंह देव, जिला उपाध्यक्ष प्रशांत विश्वास (छोटू बंगाली), जिला कोषाध्यक्ष सुनील गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष कुसमी राजेंद्र भगत, खसरु बुनकर , मुदस्सिर , मिथिलेश गुप्ता , सलमान अंसारी महिला कांग्रेस नेत्री संस्कृति रक्सेल, कुसमी ब्लॉक अध्यक्ष हरीश मिश्रा, बलरामपुर ब्लॉक अध्यक्ष समीर सिंह देव, चांदो ब्लॉक अध्यक्ष अब्दुल्ला खान, राजपुर ब्लॉक अध्यक्ष नीरज तिवारी, किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव तिर्की, महामंत्री विश्वजीत सिंह देव, राजा चौबे सहित जिलेभर के कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here