विश्रामपुरी। गोंडवाना भवन विश्रामपुरी में सर्व अखिल भारतीय हल्बा समाज 18 गढ़, 32 गढ़ एवं 36 गढ़ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत मां दंतेश्वरी माई की पूजा-अर्चना के साथ हुई। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से सैकड़ों की संख्या में युवा, युवतियां एवं महिलाएं शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि 18 गढ़ अध्यक्ष श्री लतेलराम नाईक तथा विशिष्ट अतिथि 18 गढ़ के पूर्व अध्यक्ष श्री शिवकुमार पात्र उपस्थित रहे। अतिथियों ने समाज के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही समाज और राष्ट्र के भविष्य की आधारशिला है। सामाजिक विकास में युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही समाज को नई दिशा और मजबूती मिल सकती है।
बैठक के दौरान ब्लॉक स्तरीय युवा प्रभाग का गठन किया गया। समाज के युवा प्रभाग में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे युवाओं की सामाजिक गतिविधियों, योगदान और सक्रियता को देखते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां एवं पद सौंपे गए। समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी।

नई जिम्मेदारी मिलने पर नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समाज के वरिष्ठजनों एवं सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज की एकता, विकास और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करेंगे। इस दौरान युवा प्रभाग के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 18 गढ़ अध्यक्ष श्री लतेलराम नाईक ने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा, “युवा जागेगा, समाज आगे बढ़ेगा। एकता, सेवा और संस्कार के साथ युवा शक्ति ही समाज का उज्ज्वल भविष्य बनाएगी।” उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का सबसे मजबूत आधार है। युवाओं को शिक्षा को अपना हथियार बनाकर ज्ञान, संस्कार और मेहनत के साथ आगे बढ़ना चाहिए। शिक्षित युवा ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और समाजहित में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। बैठक का उद्देश्य समाज में एकता को मजबूत करने, युवाओं को नेतृत्व की जिम्मेदारी देने तथा सामाजिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी बढ़ाना रहा।
नवनियुक्त पदाधिकारी
- अध्यक्ष: श्री गुमान मांझी
- उपाध्यक्ष: श्री गौतम चुरगिया
- सचिव: श्री लेखशेखर पुगड़ा
- सह सचिव: श्री अभिषेक बिसेन
- कोषाध्यक्ष: श्री ललित कश्यप
- मीडिया प्रभारी: श्री खिलेश गागड़ा एवं श्री बरातू शांडिल्य
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने तथा युवाओं को संगठित कर समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।







