Home चर्चा में मुंबई में गणेश प्रतिमा हादसा: 22 फीट की मूर्ति गिरने से 2...

मुंबई में गणेश प्रतिमा हादसा: 22 फीट की मूर्ति गिरने से 2 की मौत, दो बच्चियों समेत 5 घायल

3
0

मुंबई। गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच दक्षिण मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। ‘भुलेश्वरचा राजा’ की करीब 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा आगमन जुलूस के दौरान अचानक असंतुलित होकर गिर गई। प्रतिमा की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चियों समेत पांच लोग घायल हुए हैं।

हादसा रात करीब 10 बजे बलराम मर्चेंट रोड पर कबूतरखाना के पास जय अंबे चौक में हुआ। प्रतिमा को भायखला/लालबाग की ओर से भुलेश्वर स्थित पंडाल तक ले जाया जा रहा था। पंडाल पहुंचने से करीब 50-60 मीटर पहले अचानक प्रतिमा गिर गई।

मंडल अध्यक्ष समेत दो की मौत
घटना में घायल लोगों को मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस और 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) को मृत घोषित किया गया। रिपोर्टों के मुताबिक संकेत नेवशे गणेश मंडल के अध्यक्ष थे।

घायलों में 38 वर्षीय वैभव घेनंद, 25 वर्षीय पवन चौरसिया, 26 वर्षीय कुणाल काशिद और पांच व सात साल की लावण्या व दिव्या गनेर शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है।

फ्रेम की खराबी बनी हादसे की वजह?
प्रारंभिक जांच में प्रतिमा के लोहे के फ्रेम को लेकर सवाल उठे हैं। कुछ रिपोर्टों में फ्रेम के नट-बोल्ट ढीले होने, जबकि फायर अधिकारियों के हवाले से वेल्डिंग ठीक से नहीं होने की आशंका जताई गई है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
घटना के बाद DB Marg पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु रिपोर्ट (ADR) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here