कमला नेहरू महाविद्यालय में महान वैज्ञानिकों के जन्मदिन पर विशेष चर्चा आयोजित, प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों, चर्चा-परिचर्चा से विद्यार्थियों को अपने विषय के गौरवशाली इतिहास और नवीनतम शोध से अप टू डेट रहने में मदद मिलती है।
कोरबा। मंगलवार 25 अगस्त को कमला नेहरू महाविद्यालय में महान रसायनशास्त्रियों को याद किया गया। महाविद्यालय के रसायनशास्त्र विभाग में आयोजित कार्यक्रम में अगस्त माह में जन्म लेने वाले इन वैज्ञानिकों का जन्मदिन मनाया गया। इस अवसर पर एमएससी प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर रसायन के छात्र-छात्राओं ने इन महान शख्सियतों की जिंदगी पर प्रकाश डालते हुए अपने विचार रखे।

भारतीय रसायनशास्त्र के जनक कहे जाने वाले आचार्य प्रफुलचंद्र राय, एंटोनी लेवोजियर, जाॅर्ज डी हेवेसी, जाॅन जेको बर्जीलियस, काइची तमाका के योगदान पर चर्चा करते हुए ज्ञानवर्धक बातों का आदान-प्रदान किया गया। छात्रा नैन्सी बैरागी ने आचार्य प्रफुलचंद्र, नूपुर श्रीवास ने जाॅर्ज डी हेवेसी, खुशी श्रीवास ने जाॅन जेको बर्जीलियस, सोनाक्षी शर्मा ने काइची तमाका एवं शोएब अली व भारती आदित्य की जोड़ी ने एंटोनी लेवोजियर की जीवनी प्रस्तुत कर रसायनशास्त्र में किए गए उनके कार्यों को विस्तार से साझा किया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य डाॅ प्रशांत बोपापुरकर एवं रसायन विभागाध्यक्ष डाॅ गायत्री साहू द्वारा ज्ञान की देवी मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। विद्यार्थियों के व्याख्यान के बाद प्राचार्य डाॅ बोपापुरकर ने कहा कि विज्ञान हो या कला की कक्षाएं, समय-समय पर इस तरह की चर्चा-परिचर्चा होती रहनी चाहिए। इससे विद्यार्थी अपने विषय के गौरवशाली इतिहास से रुबरु होते हैं और साथ ही ज्ञान-विज्ञान से जुड़ी नवीनतम शोध व सूचनाओं से भी अपडेट होते हैं। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे रसायनशास्त्र के प्राध्यापक प्रतीक यादव, विजेंद्र नामदेव ने भी अपने विचार रख विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन किया।







