Home चर्चा में नेपाल में फ्लैश फ्लड से भारी तबाही, 95 की मौत; सैकड़ों लोग...

नेपाल में फ्लैश फ्लड से भारी तबाही, 95 की मौत; सैकड़ों लोग लापता

16
0

काठमांडू। नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में बुधवार सुबह आई भीषण फ्लैश फ्लड ने बड़े पैमाने पर तबाही मचा दी। अचानक आई बाढ़ ने रासुवा जिले के कई इलाकों को अपनी चपेट में ले लिया। तेज बहाव में सड़कें, पुल, मकान और बिजली परियोजनाओं से जुड़ा बुनियादी ढांचा क्षतिग्रस्त हो गया।

ताजा जानकारी के अनुसार, इस प्राकृतिक आपदा में नेपाल में कम से कम 95 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि बड़ी संख्या में लोग अब भी लापता हैं। नेपाल पर्यटन बोर्ड के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक 384 यात्री लापता बताए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या विदेशी नागरिकों की है।

105 भारतीय और 37 NRI भी लापता

लापता यात्रियों में 105 भारतीय नागरिक शामिल हैं। इनमें 37 NRI बताए जा रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक कई भारतीय कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए इस क्षेत्र से गुजर रहे थे। कम से कम 59 भारतीय यात्रियों के कैलाश मानसरोवर यात्रा से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है।

इसके अलावा अमेरिका, ब्रिटेन, मलेशिया, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड समेत कई देशों के नागरिकों के भी संपर्क में नहीं होने की सूचना है।

भोटेकोशी नदी में अचानक आया उफान

बाढ़ का सबसे ज्यादा असर नेपाल के रासुवा जिले के सीमावर्ती इलाकों में देखने को मिला। भोटेकोशी नदी के जलस्तर में अचानक हुई बढ़ोतरी के बाद पानी और मलबे का तेज बहाव कई इलाकों में पहुंच गया। सड़क संपर्क टूटने से राहत और बचाव कार्य में भी मुश्किलें आ रही हैं।

रॉयटर्स के मुताबिक, शुरुआती जांच में इस आपदा के पीछे बड़े पैमाने पर मलबे और चट्टानों के नदी में गिरने से बने अचानक बाढ़ जैसे हालात को प्रमुख कारण माना जा रहा है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, भारत भी अलर्ट

नेपाल सेना और सुरक्षा एजेंसियों ने प्रभावित क्षेत्रों में खोज एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है। कई हेलीकॉप्टरों को राहत और बचाव कार्य में लगाया गया है। खराब मौसम और क्षतिग्रस्त सड़क मार्गों के कारण प्रभावित इलाकों तक पहुंचना चुनौती बना हुआ है।

नेपाल में आई इस भीषण बाढ़ के बाद भारत के बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में भी प्रशासन को सतर्क किया गया है। नदियों के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए राहत एवं बचाव दलों को तैयार रखा गया है।

फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है और लापता लोगों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति स्पष्ट होने के साथ मृतकों और लापता लोगों के आंकड़ों में बदलाव हो सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here