योगेन्द्र राठौर/बिलासपुर। शहर के पुराने बस स्टैंड इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शारदा लॉज के एक कमरे में ट्रांसपोर्टर की फांसी के फंदे पर लटकी लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान प्रदीप जायसवाल के रूप में हुई है, जो कोरबा जिले के दीपका का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि वह किसी काम के सिलसिले में बिलासपुर आया था और पुराने बस स्टैंड स्थित शारदा लॉज में ठहरा हुआ था। इसी दौरान लॉज के कमरे में उसका शव फंदे पर लटका मिला।
कमरे से मिला सुसाइड नोट
घटना की जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, नोट में मृतक ने डिप्रेशन में होने का जिक्र किया है। साथ ही उसने अपने इस कदम के लिए परिवार से माफी मांगी है। पुलिस ने सुसाइड नोट को जांच का हिस्सा बनाते हुए उसकी बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर किन परिस्थितियों में प्रदीप जायसवाल ने इतना बड़ा कदम उठाया। मामले में पुलिस मृतक के परिजनों और परिचितों से पूछताछ सहित विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।







