Home चर्चा में शराब के लिए पैसे मांगकर श्रमिक को घेरा, इनकार करने पर धारदार...

शराब के लिए पैसे मांगकर श्रमिक को घेरा, इनकार करने पर धारदार हथियार से हमला; 18 वर्षीय युवक समेत तीन पकड़े गए

10
0

योगेन्द्र राठौर/बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम जांजी में काम से लौट रहे एक ठेका श्रमिक को रास्ते में रोककर शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर मारपीट कर धारदार हथियार से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना 11 सितंबर की बताई गई है। पुलिस ने मामले में एक 18 वर्षीय युवक और दो नाबालिग लड़कों को पकड़ा है। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, एनटीपीसी सीपत में सिविल कंपनी में काम करने वाले श्रमिक ग्राम जांजी स्थित लेबर कॉलोनी में रहते हैं। 11 सितंबर को श्रमिक असहद अली काम खत्म करने के बाद सब्जी लेकर पैदल लेबर कॉलोनी लौट रहा था। इसी दौरान नहर रोड पर चार युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि युवकों ने असहद अली से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। जब श्रमिक ने पैसे देने से मना किया तो युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान धारदार हथियार से हमला कर उसे घायल कर दिया गया। घटना के बाद मामले की जानकारी कंपनी के अधिकारियों को दी गई।

प्रोजेक्ट मैनेजर ने थाने में दर्ज कराई शिकायत

घटना की जानकारी मिलने के बाद कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अखिलेश यादव ने सीपत थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की।

पूछताछ में सामने आई आरोपियों की भूमिका

मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में जानकारी मिली। मुखबिर की सूचना के आधार पर ग्राम जांजी निवासी समीर सारथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में समीर ने तीन अन्य लड़कों के साथ मिलकर श्रमिक को रोकने और उसके साथ मारपीट करने की बात स्वीकार की।

जांच के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद किया।

एक युवक और दो नाबालिग हिरासत में

पुलिस ने समीर सारथी पिता सुंदर लाल सारथी, उम्र 18 वर्ष 2 माह, निवासी ग्राम जांजी तथा उसके साथ शामिल दो नाबालिग लड़कों को पकड़ा है। आरोपियों के खिलाफ मारपीट और धारदार हथियार के इस्तेमाल से जुड़ी धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने 18 वर्षीय आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि दोनों नाबालिगों के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल बताए जा रहे चौथे आरोपी की तलाश और उसकी भूमिका की जांच अभी जारी है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here