-विधायक उद्देश्वरी पैकरा की मौजूदगी में विद्यार्थियों ने ग्रहण किया नेवता भोज, छात्रावास की अनियमितताओं पर मंडल संयोजक को लगाई फटकार
युसूफ खान/बलरामपुर/कुसमी/नीलकंठपुर। भाजपा नेता राजेश्वर प्रसाद गुप्ता के जन्मदिवस के अवसर पर नीलकंठपुर स्थित प्री-मैट्रिक 50 सीटर बालक छात्रावास में नेवता भोज का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामरी विधानसभा क्षेत्र की विधायक उद्देश्वरी पैकरा की विशेष उपस्थिति रही। इस दौरान छात्रावास में निवासरत विद्यार्थियों को भोजन कराया गया तथा उनके साथ समय बिताकर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली गई।
कार्यक्रम के दौरान विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने छात्रावास की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में पाई गई अनियमितताओं एवं व्यवस्थाओं को लेकर उन्होंने संबंधित मंडल संयोजक को कड़ी फटकार लगाई। विधायक ने छात्रावास में विद्यार्थियों को शासन के निर्धारित मापदंड के अनुरूप भोजन, आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थी क्षेत्र और देश का भविष्य हैं। उनकी सुविधाओं और शिक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। छात्रावास की व्यवस्थाओं में सुधार और विद्यार्थियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के लिए संबंधित जिम्मेदारों को गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
नेवता भोज के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ खुशियां साझा की गईं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज, जनपद पंचायत अध्यक्ष बसंती भगत, भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि टोप्पो, युवा मोर्चा प्रदेश प्रचार-प्रसार प्रमुख विकास साहू, विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण पैकरा सहित दुर्गेश गुप्ता, पारस पाल, नितेश गुप्ता, विनय यादव,देवसाय भगत,एवं अन्य भाजपा कार्यकर्ता व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।







