Home चर्चा में कोरे लेटर हेड पर हस्ताक्षर कराने का आरोप, सौरभ लूनिया और तोरन...

कोरे लेटर हेड पर हस्ताक्षर कराने का आरोप, सौरभ लूनिया और तोरन साहू के समर्थन में भाजपा नेताओं ने खोला मोर्चा

5
0
बलौदा बाज़ार संवाददाता – शब्बीर कुरैशी
दल्लीराजहरा/बालोद। भाजपा के जिला महामंत्री सौरभ लूनिया और नगर पालिका परिषद दल्ली राजहरा के अध्यक्ष तोरन लाल साहू के समर्थन में जिले के भाजपा पदाधिकारी और पार्षद सामने आए हैं। नेताओं ने आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने पार्षदों को विषय और प्रयोजन की जानकारी दिए बिना कोरे लेटर हेड पर हस्ताक्षर करवाए और बाद में उन्हीं हस्ताक्षरों का इस्तेमाल वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ शिकायत तैयार करने में किया। मामले में पुलिस महानिदेशक से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की गई है। मामले को लेकर सामने आए लिखित आवेदनों में कई पार्षदों ने कथित तौर पर स्पष्ट किया है कि 20 सितंबर 2026 को उनसे हस्ताक्षर करवाते समय लेटर हेड पर दर्ज होने वाले विषय और उसके इस्तेमाल की जानकारी नहीं दी गई थी। पार्षदों का कहना है कि उनके हस्ताक्षरों का बाद में जिस शिकायत में उपयोग किया गया, उसके विषय और आशय से वे सहमत नहीं हैं। उन्होंने बिना जानकारी लिए गए हस्ताक्षरों को उनकी सहमति नहीं माने जाने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
डीजीपी को भेजा गया शिकायत पत्र
भाजपा मंडल दल्ली राजहरा के अध्यक्ष रामेश्वर साहू तथा नगर पालिका अध्यक्ष तोरन लाल साहू के नेतृत्व में पुलिस महानिदेशक, पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर को पत्र भेजकर मामले की जांच की मांग की गई है। पत्र में पार्टी के अधिकृत लेटर हेड के कथित अनधिकृत इस्तेमाल, पार्षदों को भ्रमित कर हस्ताक्षर कराने तथा वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ शिकायत और प्रचार में उनका इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगाया गया है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति ने जानबूझकर पार्षदों के हस्ताक्षरों का गलत इस्तेमाल कर शिकायत तैयार की है, तो इसकी जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। नेताओं ने यह भी कहा कि इस तरह के कृत्य से पार्टी संगठन की छवि प्रभावित होने के साथ कार्यकर्ताओं में असंतोष पैदा हुआ है।
संगठन के पदाधिकारी और पार्षद हुए एकजुट
मंडल अध्यक्ष रामेश्वर साहू, नगर पालिका अध्यक्ष तोरन लाल साहू, उपाध्यक्ष मनोज दुबे, मंडल महामंत्री पुरुषोत्तम ठाकुर, मंडल उपाध्यक्ष मुकेश खरसन सहित महिला मोर्चा पदाधिकारियों और पार्षदों ने मामले की जांच की मांग का समर्थन किया है। इनमें विशाल मोटवानी,रमेश गुर्जर, बॉबी छतवाल,सुनीता भांडेकर, अनीता साई, मोनिका साहू, अरुणा बाई, मेवा लाल पटेल, ज्योति और गायत्री जैन सहित अन्य पार्षदों के नाम शामिल हैं।
नेताओं ने कहा कि किसी भी शिकायत की वास्तविकता सामने लाने का उचित माध्यम निष्पक्ष जांच है। उनका कहना है कि दस्तावेजों और हस्ताक्षरों के कथित दुरुपयोग की जांच होने से पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल भाजपा नेताओं की ओर से पुलिस महानिदेशक से की गई शिकायत के बाद मामले की जांच और पुलिस की आगामी कार्रवाई पर नजर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here