Home चर्चा में गंगरेल बांध से लगातार पानी छोड़े जाने और बारिश के मद्देनजर कलेक्टर...

गंगरेल बांध से लगातार पानी छोड़े जाने और बारिश के मद्देनजर कलेक्टर ने अधिकारियों को अलर्ट रहने के दिए निर्देश

7
0
संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल
महानदी के तटीय क्षेत्रों में संभावित जलभराव की स्थिति पर लगातार निगरानी के निर्देश
जांजगीर-चांपा 25 सितंबर 2026। बारिश तथा गंगरेल बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के मद्देनजर कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने महानदी के तटीय क्षेत्रों में राहत एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी अधिकारियों को सतर्क रहने तथा स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजस्व, जल संसाधन, नगर सेना सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने महानदी के तटीय क्षेत्रों में स्थित ऐसे आबादी क्षेत्रों, जहां पूर्व में जलभराव की स्थिति निर्मित होती रही है, वहां मुनादी कराकर ग्रामीणों को संभावित जलभराव एवं बाढ़ की स्थिति तथा आवश्यक सावधानियों से अवगत कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि संभावित आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रभावित लोगों को आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के लिए पूर्व से ही सुरक्षित स्थानों का चिन्हांकन कर लिया जाए तथा वहां आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखी जाएं।
कलेक्टर श्री महोबे ने सभी संबंधित विभागों को नदी एवं जलस्तर की स्थिति पर सतत निगरानी रखने , आवश्यक संसाधनों एवं बचाव उपकरणों के साथ अलर्ट मोड में रहने कहा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ किया जा सके तथा किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here