Home चर्चा में खेल और छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति से सजी खल्लारी की शाम: जुनवानी कला में...

खेल और छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति से सजी खल्लारी की शाम: जुनवानी कला में कबड्डी और घुंचापाली कला में नाचा-गम्मत की रही धूम

12
0

-जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में की शिरकत, खिलाड़ियों व लोक कलाकारों का बढ़ाया उत्साह

अब्दुल रफ़ीक खान/कोमाखान।
खल्लारी विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन और छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति के संरक्षण की अनूठी झलक देखने को मिली। सोमवार की रात क्षेत्र के ग्राम जुनवानी कला (कमार पारा) और घुंचापाली कला में रात्रिकालीन खेल एवं सांस्कृतिक आयोजनों की धूम रही। दोनों ही भव्य कार्यक्रमों में जिला पंचायत महासमुंद के उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर क्षेत्रवासियों व युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया।

कबड्डी युवाओं में गढ़ती है अनुशासन और टीम भावना: भीखम ठाकुर
ग्राम जुनवानी कला (कमार पारा) में आयोजित रात्रिकालीन कबड्डी प्रतियोगिता के रोमांचक फाइनल मुकाबले में पहुंचे जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर ने मैदान पर उतरकर खिलाड़ियों से आत्मीय परिचय प्राप्त किया और टॉस कराकर उनका हौसला बढ़ाया।

खिलाड़ियों व ग्रामीणों को संबोधित करते हुए श्री ठाकुर ने कहा कि ग्रामीण अंचल में खेल प्रतियोगिताओं का निरंतर आयोजन युवाओं की छिपी प्रतिभा को तराशने का सबसे सशक्त माध्यम है। खेल न केवल शारीरिक सौष्ठव को बढ़ाते हैं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, संयम, नेतृत्व और टीम भावना का विकास भी करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से हार-जीत से परे हटकर खेल भावना को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

घुंचापाली कला में नाचा-गम्मत ने बांधा समां, लोककलाकारों की हुई सराहना
खेल उत्सव के उपरांत श्री ठाकुर ग्राम घुंचापाली कला पहुंचे, जहाँ रात्रिकालीन पारंपरिक छत्तीसगढ़ी नाचा-गम्मत कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को पूरी रात बांधे रखा।

श्री ठाकुर ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, पारंपरिक गीतों और सांस्कृतिक धरोहर को संजोए रखने में स्थानीय कलाकारों के योगदान की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से भेंट-मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और कहा कि ऐसे पारंपरिक आयोजन हमारी लोकसंस्कृति की पहचान हैं, जो नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़े रखने का कार्य करते हैं।

जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों की रही व्यापक उपस्थिति
जुनवानी कला के खेल आयोजन में मुख्य रूप से सरपंच नरेंद्र ठाकुर, उपसरपंच राधे साहू, ओमप्रकाश ध्रुव, खेलावन ध्रुव, देवा साहू, चीकू देवांगन, रोशन पटेल, ज्ञानसिंह ध्रुव, रूपेश तिवारी, गजेंद्र साहू, नेमी चंद बरिहा, नेतू ध्रुव सहित आयोजन समिति के सदस्य और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

वहीं घुंचापाली कला के सांस्कृतिक मंच पर सरपंच देवकुमार बरिहा, सामाजिक कार्यकर्ता ओमप्रकाश ध्रुव, बागबाहरा मंडल उपाध्यक्ष चंद्रशेखर ध्रुव, श्रीराम यादव, हरि यादव, उत्तम बरिहा, विक्की यादव, युगल नायक, तारेंद्र चंद्राकर एवं कार्तिक निषाद सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति, बुजुर्ग सियान व क्षेत्रवासी मौजूद रहे। दोनों ही ग्रामों में देर रात तक उत्साह, उमंग और सामाजिक समरसता का माहौल बना रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here