Home चर्चा में एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को राहत: प्रशासन ने की वैकल्पिक व्यवस्था ; अब...

एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को राहत: प्रशासन ने की वैकल्पिक व्यवस्था ; अब आसपास की एजेंसियों से मिलेगी गैस:

7
0

निलेश सिंह/गौरेला-पेंड्रा-मरवाही:

जिले में एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को सुचारू एवं निर्बाध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने वैकल्पिक व्यवस्थाएं की हैं। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य उपभोक्ताओं को गैस बुकिंग और सिलेंडर की डिलीवरी में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाना है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ समय से गौरेला स्थित सियाराम गैस एजेंसी की सेवाओं एवं गैस वितरण को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतें सामने आ रही थीं। उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा सुधारात्मक कदम उठाए गए हैं।

आसपास की गैस एजेंसियों में ट्रांसफर होंगी बुकिंग
नई व्यवस्था के तहत सियाराम गैस एजेंसी से जुड़े उपभोक्ताओं की ऑनलाइन गैस बुकिंग को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले की समीपस्थ गैस एजेंसियों में नियमित रूप से ट्रांसफर किया जा रहा है। इससे उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। बुकिंग ट्रांसफर होने की सूचना गैस कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से स्वचालित रूप से भेजी जा रही है। इसके साथ ही आवश्यकतानुसार उपभोक्ताओं के गैस कनेक्शन भी आसपास की अन्य गैस एजेंसियों में स्थानांतरित किए जा रहे हैं।

निर्धारित समय-सीमा में होगी होम डिलीवरी
प्रशासन ने संबंधित गैस एजेंसियों को निर्देशित किया है कि वे ट्रांसफर की गई बुकिंग स्वीकार कर निर्धारित समय-सीमा में उपभोक्ताओं के घर तक गैस सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित करें। प्रशासन के अनुसार, वैकल्पिक व्यवस्थाओं के लागू होने से गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार हुआ है और उपभोक्ताओं तक सिलेंडर पहुंचाने का कार्य व्यवस्थित रूप से जारी है।

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
जिला प्रशासन और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस आपूर्ति को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। घरेलू गैस की निरंतर आपूर्ति बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं और सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।

गैस बुकिंग या रिफिल में परेशानी होने पर यहां करें शिकायत-
यदि किसी उपभोक्ता को गैस बुकिंग अथवा रिफिल प्राप्त करने में किसी प्रकार की समस्या होती है, तो वह गैस कंपनी के राष्ट्रीय टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-2333-555 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here