Home चर्चा में मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना से शिवानी साहू को मिली उच्च...

मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना से शिवानी साहू को मिली उच्च शिक्षा में आर्थिक सहायता

9
0

संवाददाता – राजेन्द्र जायसवाल

जिला सक्ती, 13 अक्टूबर 2026//सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आमजन की सेवा की कहानियां सामने आ रही है। इसी क्रम में श्रम विभाग अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना श्रमिक परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है। योजना के माध्यम से पात्र विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा को निरंतर जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिले के डभरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम किरारी निवासी शिवानी साहू, पिता श्री टंकेश्वर साहू एवं माता श्रीमती गोमती साहू की बेटी हैं। शिवानी ने अपने भविष्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से बी.एससी. नर्सिंग को अपने करियर के रूप में चुना है और वर्तमान में नर्सिंग की शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत शिवानी साहू को वर्ष 2025-26 में उच्च शिक्षा के लिए 45 हजार रुपये की आर्थिक सहायता डी.बी.टी. के माध्यम से प्राप्त हुई। इस सहायता से उनकी पढ़ाई से जुड़े खर्चों में परिवार को सहयोग मिला और शिवानी को बिना किसी आर्थिक चिंता के अपनी शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहन मिला। शिवानी साहू ने बताया कि शासन की इस योजना से मिली आर्थिक सहायता उनके लिए पढ़ाई जारी रखने में बहुत महत्वपूर्ण रही है। इससे उनके परिवार को आर्थिक सहयोग मिला और उन्हें अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हुआ। वे अपनी नर्सिंग की पढ़ाई पूरी कर भविष्य में एक कुशल नर्स बनकर लोगों की सेवा करना चाहती हैं। शिवानी का मानना है कि सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत जरूरी है, लेकिन सही समय पर मिलने वाला सहयोग उन सपनों को नई दिशा देता है। नर्सिंग के क्षेत्र में करियर बनाकर वे स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से समाज की सेवा करना चाहती हैं। उनके अनुसार जरूरतमंद लोगों की सेवा करना एक जिम्मेदारी के साथ-साथ समाज के प्रति अपना योगदान देने का अवसर भी है। मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के माध्यम से आर्थिक सहयोग पाकर शिवानी अपने सपनों को साकार करने की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने इस योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here