रायपुर। अंगदान के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं लोगों को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ILS हॉस्पिटल द्वारा रविवार, 25 अक्टूबर को मरीन ड्राइव, रायपुर में *ILS Walkathon 2.0* का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सहयोगी संस्था के रूप में ग्रीन आर्मी रायपुर, छत्तीसगढ़ ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 6 बजे ILS हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. सौरभ एवं उनकी टीम द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्री अनुज शर्मा एवं भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी श्री राजेश चौहान उपस्थित रहे। वॉकाथॉन मरीन ड्राइव से प्रारंभ होकर गांधी उद्यान में संपन्न हुआ। इस दौरान अंगदान के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा समाज में अंगदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में सहयोगी संस्थाओं को सम्मानित किया गया, जिसमें ग्रीन आर्मी रायपुर, छत्तीसगढ़ को भी महत्वपूर्ण स्थान देते हुए सम्मानित किया गया। यह सम्मान सामाजिक एवं जनहितकारी गतिविधियों में संस्था की सक्रिय भूमिका को दर्शाता है।
ग्रीन आर्मी रायपुर, छत्तीसगढ़ विगत 9 वर्षों से निरंतर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण एवं जन-जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। संस्था पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी अभियानों में भी अपनी सहभागिता निभाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर ग्रीन आर्मी रायपुर के जिला अध्यक्ष श्री गुरदीप सिंह टुटेजा, ग्रीन आर्मी की स्टेट को-ऑर्डिनेटर डॉ. राधिका यादव सहित अमलीडीह, पुरानी बस्ती, देवपुरी एवं अन्य जोन के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
ग्रीन आर्मी ने इस सहभागिता के माध्यम से अंगदान जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषय के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के अभियान को अपना सहयोग दिया। संस्था ने संदेश दिया कि अंगदान महादान है, क्योंकि एक व्यक्ति का अंगदान कई लोगों को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है।







