प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार से गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान राज्य को करीब ₹14,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। वहीं, देश के करोड़ों किसानों के लिए भी बड़ी घोषणा होगी। पीएम मोदी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-KISAN) योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे, जिसके तहत किसानों के खातों में करीब ₹19,000 करोड़ ट्रांसफर किए जाएंगे। इसके अलावा नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई जाएगी और अहमदाबाद मेट्रो के विस्तार की आधारशिला भी रखी जाएगी।
गुजरात दौरे के दौरान प्रधानमंत्री पीएम-किसान योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत पात्र किसानों को आर्थिक सहायता दी जाएगी। कुल मिलाकर करीब ₹19,000 करोड़ की राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी जाएगी। इस योजना के तहत किसानों को सालाना ₹6,000 की आर्थिक मदद तीन किस्तों में दी जाती है।
पीएम मोदी अहमदाबाद मेट्रो के फेज 2A और फेज 2B की आधारशिला रखेंगे। फेज 2A में कोटेश्वर रोड से एयरपोर्ट तक 6 किलोमीटर से ज्यादा लंबा रूट बनेगा, जिसमें पांच स्टेशन होंगे। वहीं, फेज 2B के तहत गिफ्टी सिटी से शाहपुर तक 3.3 किलोमीटर से ज्यादा का मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इसमें तीन स्टेशन होंगे।
प्रधानमंत्री करीब ₹2,600 करोड़ की लागत से अहमदाबाद-मेहसाणा रोड को चार लेन से बढ़ाकर आठ लेन करने की परियोजना की आधारशिला भी रखेंगे। इससे अहमदाबाद और उत्तर गुजरात के बीच सफर आसान और तेज होने की उम्मीद है।
गुजरात में 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों की आधारशिला रखी जाएगी और 361 तैयार केंद्रों का उद्घाटन होगा। करीब ₹800 करोड़ की इस पहल से 4 लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत पूरी हुई 521 परियोजनाएं देश को समर्पित की जाएंगी। इन पर करीब ₹4,950 करोड़ खर्च हुए हैं। इनमें कोल्ड स्टोरेज, गोदाम, ग्रीनहाउस और खाद्य प्रसंस्करण केंद्र शामिल हैं।
31 अक्टूबर को प्रधानमंत्री एकता नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में शामिल होंगे। इसी दौरान वे भारत पर्व 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह उत्सव 15 नवंबर तक चलेगा। इसमें देश के अलग-अलग राज्यों की संस्कृति, लोकनृत्य, खानपान और हस्तशिल्प की झलक देखने को मिलेगी।






