Home चर्चा में शनिवार को भी सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक लगें स्कूल

शनिवार को भी सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक लगें स्कूल

13
0
संवाददाता:बसंत राघव
बच्चों के स्वास्थ्य, खेलकूद और सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए पालकों ने रायगढ़ जिला प्रशासन से की मांग
रायगढ़। जिले के पालकों ने जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग से मांग की है कि शनिवार को जिले के सभी शासकीय विद्यालयों का संचालन पूर्व की भांति प्रातः 7:30 बजे से 11:30 बजे तक किया जाए। पालकों का कहना है कि शनिवार को विद्यालयों में बैगलेस डे, योग, व्यायाम, खेलकूद, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इन गतिविधियों के उद्देश्य और प्रकृति को देखते हुए सुबह का समय अधिक अनुकूल एवं व्यावहारिक है।
पालकों ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पाठ्यपुस्तकों का ज्ञान देना और परीक्षा की तैयारी कराना नहीं है, बल्कि बच्चों का शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक, नैतिक एवं रचनात्मक विकास करना भी है। शनिवार को निर्धारित गतिविधियां इसी उद्देश्य को पूरा करने का माध्यम हैं। योग, प्राणायाम, व्यायाम, खेलकूद और सामूहिक गतिविधियों के लिए सुबह का वातावरण अपेक्षाकृत अनुकूल रहता है।
पालकों का यह भी कहना है कि शनिवार को सामान्य दिनों की तरह सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विद्यालय संचालित करने के बजाय सुबह 7:30 से 11:30 बजे तक का समय निर्धारित करना अधिक तर्कसंगत है। इससे बच्चों को निर्धारित गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा और दोपहर का समय परिवार, स्वाध्याय, खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक कार्यों के लिए उपलब्ध रहेगा।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग ने 10 सितंबर 2025 को जारी आदेश में एक पाली वाले विद्यालयों के लिए शनिवार का समय प्रातः 7:30 से 11:30 बजे तक निर्धारित किया था। इसी तरह जांजगीर-चांपा जिले में भी जिला प्रशासन की पहल पर 3 जुलाई 2026 को शनिवार को सुबह विद्यालय संचालन की व्यवस्था लागू किए जाने का आदेश जारी हुआ है। इससे स्पष्ट है कि स्थानीय परिस्थितियों और विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जिला स्तर पर भी इस संबंध में निर्णय लिया जा सकता है।
पालकों का मानना है कि जब शनिवार को विद्यालय में नियमित विषय शिक्षण के स्थान पर गतिविधि आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षा को प्राथमिकता दी जाती है, तब विद्यालय का समय भी उन्हीं गतिविधियों की प्रकृति के अनुरूप होना चाहिए। केवल समय परिवर्तन के कारण इन गतिविधियों की उपयोगिता और प्रभावशीलता प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
पालकों ने जिला कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी एवं स्कूल शिक्षा विभाग से आग्रह किया है कि विद्यार्थियों के हित में रायगढ़ जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में शनिवार को प्रातः 7:30 बजे से 11:30 बजे तक शाला संचालन का आदेश जारी किया जाए तथा इस व्यवस्था को पूरे जिले में एकरूपता के साथ लागू किया जाए। अभी संकुल के स्कूलों का समय अलग-अलग होने से संकुल की व्यवस्था में भी अडचनें उत्पन्न हो रही हैं। प्रायमरी एवं मिडिल स्कूलों की अंतर विद्यालयीन सामूहिक गतिविधियां बाधित हुई हैं।
पालकों की स्पष्ट मांग है कि शनिवार की सुबह बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित होनी चाहिए। विद्यालय का समय ऐसा हो जो बच्चों के स्वास्थ्य, उनकी रुचियों, प्रतिभाओं और सीखने की सहज प्रक्रिया के अनुकूल हो।
इस पर जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग को विचार कर छात्रहित में निर्णय लेना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here